हिसार:- श्री रामलीला कमेटी कटला द्वारा आयोजित 129वें श्री रामनवमी महोत्सव के दौरान सती चरित्र व भगवान शिव के प्रसंग सुनकर श्रद्धालु अभिभूत हो गए। श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथा व्यास भावेश कृष्ण भारद्वाज ने माता सती की कथा सुनाते हुए आस्था व श्रद्धा से ओतप्रोत कर दिया। राजा दक्ष की पुत्री सती ने पिता की इच्छा के विरुद्ध भगवान शिव से विवाह किया और अपने पिता का अपमान देखकर सती ने अपने आप को यज्ञ कुंड में अर्पित कर दिया। दरअसल यह प्रेम, त्याग और निष्ठा की पराकाष्ठा का प्रतीक है। इस दौरान शिव-पार्वती विवाह की झांकी भी निकाली गई। त्रिशूलधारी शिव व माता पार्वती का ओज देखकर सभी श्रद्धालु अनायास ही नतमस्तक हो गए।
    कथा व्यास भावेश कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि हर इंसान को भगवान का कीर्तन अवश्य करना चाहिए और जब भी अवसर मिले श्रीराम कथा का श्रवण जरूर करें। उन्होंने कहा कि चाहे श्रीराम कथा को कितनी भी बार सुन लें लेकिन प्रभु की कृपा से बार-बार सुनने की इच्छा जागृत होती रहती है। उन्होंने कहा कि जो इंसान श्रीराम कथा सुनकर ऊब जाए तो यह उसका दुर्भाग्य है। भावेश कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि जैसे शरीर के लिए पानी व भोजन जरूरी है, वैसे ही आत्मा के लिए भजन व सत्संग खुराक है।
    सत्संग की महिमा से साक्षात्कार करवाते हुए कथा व्यास भावेश कृष्ण भारद्वाज ने समझाया कि भगवान की तीन दुर्लभ कृपाएं हो जाएं तो समझो बेड़ा पार है। पहली कृपा तो मनुष्य योनी मिलना है और दूसरी कृपा हृदय में आत्मकल्याण की भावना जागृत होना है। इस भावना से इंसान कीर्तन, सत्संग व कथा सुनने के लिए लालायित हो उठता है। सौ काम छोडक़र श्रीराम की कथा श्रवण करना भगवान की तीसरी सबसे बड़ी कृपा है।
   श्रीराम कथा के दूसरे दिन नगर निगम के मेयर प्रवीण पोपली मुख्यातिथि रहे और व्यवसायी व समाजसेवी अमित सिंगल ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर रघुवीर गोयल, जगदीश तायल, मोहित सिंगल, अनिल गुप्ता, नवीन कुमार व शिव कुमार मित्तल बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। द्वितीय दिवस सतीश बंसल व कविता बंसल ने परिवार सहित पूजन किया और प्रेम बंसल सिवानी वाले ने प्रसादम की व्यवस्था में योगदान दिया। 
इस अवसर पर डॉ. सुभाष शर्मा, एन. के. गोयल, सज्जन गुप्ता, अनिल महाजन, सोहनलाल सिंगला, राजेश शर्मा, केशव सिंगल, अश्विनी शर्मा, प्रेम कश्यप, सुनील कुमार, दीनदयाल, अशोक गुप्ता, सीताराम सिंगल, नवीन, पंकज गर्ग, विनोद जिंदल, राजेंद्र बंसल, हरीश गोयल, निरंजन गोयल, आशीष जैन व जनकराज गुप्ता सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
     इस दौरान श्री रामलीला कमेटी कटला के प्रधान विनोद गुप्ता, सचिव ललित गोयल, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार लोहिया, उप प्रधान अनूप बिंदल व सह सचिव राजकुमार जैन उपस्थित रहे। इनके साथ ही कार्यकारिणी सदस्य विनोद कंसल, राजेश बंसल, राधेश्याम अग्रवाल, दिनेश जैन, प्रवीन सिंगल व चंद्रभान सोनी विशेष रूप से मौजूद रहे।
    रामलीला कमेटी कटला के प्रधान विनोद गुप्ता ने बताया कि 22 मार्च को चौथे दिन बाल लीला, अहिल्या पर कृपा व श्रीराम विवाह का आयोजन होगा। 23 मार्च को पांचवें दिन श्रद्धालुओं को श्रीराम वन गमन, केवट प्रसंग व भरत चरित्र समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि कटला रामलीला के रामनवमी महोत्सव के प्रति श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। इस आयोजन में कई सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं। 
उन्होंने बताया कि महोत्सव के अंतिम दिन 27 मार्च को भव्य रामनवमी शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह शोभा यात्रा देवी भवन के गोयनका सदन से चलकर और शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए वापस यही पहुंचेगी। यहां पर सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा लगाया जाएगा।