हिसार : प्रसिद्ध बीड़ बबरान धाम पर ताली कीर्तन एवं अर्जी संकीर्तन का धूमधाम से आयोजन किया गया। शनिवार को आयोजित ताली कीर्तन व रविवार को आयोजित अर्जी संकीर्तन में भक्तों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और श्याम बाबा के भव्य दरबार के दर्शन किए। इस दौरान निज पुजारी विनय शर्मा व अन्य गायकों ने भजनों के माध्यम से श्याम बाबा की महिमा का गुणगान करके अभिभूत कर दिया। इस अवसर पर बीड़ बबरान धाम में श्याम बाबा के दरबार को सजाकर भव्य स्वरूप दिया गया। भक्तों ने बाबा के दरबार में माथा टेककर मन्नत मांगी और अपने कष्टों के निवारण की कामना की।
ताली कीर्तन व अर्जी संकीर्तन के दौरान अखंड ज्योति के दर्शन करके भक्तगण अभिभूत हो गए। तुम तो महादानी हो देर क्यों लगाते हो, भक्तों की खातिर श्याम दौड़े चले आते हो यह भजन सुनकर बहुत से भक्त झूमने व नाचने लगे। श्रद्धालुओं ने धाम में स्थित महाभारतकालीन पीपल के वृक्ष के चारों और मौली बांधकर एवं नारियल चढ़ाकर अपनी आस्था व्यक्त की।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं को धाम में स्थापित वीर हनुमान के मंदिर, शिव परिवार, धूणा, घोड़े के पांव के निशान वाली शिला व मढ़ी के दर्शन का भी अवसर मिला। बीड़ बबरान के प्राकृतिक व हरियाली से परिपूर्ण वातावरण में स्थापित बीड़ बबरान धाम में पहुंचकर श्रद्धालु तरोताजा दिखाई दिए। निज पुजारी विनय शर्मा ने बताया कि भक्तों की बीड़ बबरान धाम व श्याम बाबा दरबार के प्रति अगाध आस्था है। इसलिए त्योहारों, उत्सवों व विशेष आयोजनों पर यहां हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों से भी भक्तगण पधारकर अपने इष्ट की आराधना करते हैं।
निशुल्क ताली कीर्तन व अर्जी संकीर्तन में उमड़े श्रद्धालु श्याम बाबा की महिमा सुनकर हुए अभिभूत
