रतिया/फतेहाबाद, 21 नवंबर:- हिंद की चादर और त्याग-बलिदान के प्रतीक, नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी श्री गुरु तेग बहादुर जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शहीदी दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
 जिला फतेहाबाद से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कुरुक्षेत्र पहुंचेगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को व्यापक रूप से शुरू कर दिया है। शुक्रवार को उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने लघु सचिवालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी संदेश मानवता, धर्म-सुरक्षा और भाईचारे का अनमोल उदाहरण है। जिला प्रशासन का दायित्व है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने परिवहन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, साफ-सफाई और ट्रैफिक प्रबंधन से संबंधित सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त बसें उपलब्ध कराने और समयानुसार उनके संचालन की योजना बनाने को कहा। पुलिस विभाग को यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने कहा कि यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत धार्मिक एवं भावनात्मक महत्व रखता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने कहा कि हिंद की चादर गुरु तेग बहादुर जी का जीवन और शहादत हमें अद्भुत साहस, धार्मिक स्वतंत्रता और मानवता के लिए खड़े होने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में पहुंचकर दी जाने वाली श्रद्धांजलि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। फतेहाबाद जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस कार्यक्रम में शामिल होंगे और जिला प्रशासन तथा संगठन दोनों मिलकर उनकी यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने में पूरा सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर आरटीए सचिव संजय बिश्नोई, एसडीएम सुरेंद्र कुमार, सीईओ सुरेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीएसपी कुलवंत सिंह, टीएम सुरेंद्र सिंह, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सदस्य कर्मजीत, इकबाल, गुरमेल सिंह, महेंद्र वधवा, कंवल चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।