हिसार:- अध्यात्म व सामाजिक सरोकारों के पोषक श्री तिरुपति बालाजी धाम में सुसज्जित रथ पर भगवान वेंकटेश जी की सवारी शोभा यात्रा निकाली गई। विद्वान अर्चकों ने पूरे विधि विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ भगवान वेंकटेश जी के साथ माता लक्ष्मी व माता भूदेवी के विग्रह को रथ पर स्थापित पालकी में विराजमान किया और फिर पूजा-अर्चना के साथ सवारी शोभा यात्रा धूमधाम से निकली। 
सवारी व शोभा यात्रा के दौरान श्रद्धालु जय श्रीमन्ननारायण, जय गोविंदा व जय भगवान वेंकटेश के जयघोष करते रहे। भक्तों ने अपने हाथों से रथ को खींचकर अपनी आस्था जताई। इसके उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
 सवारी शोभा यात्रा में हिस्सा लेने वाले श्रद्धालुओं ने धाम में स्थापित श्री वेंकटेश भगवान जी, श्री पद्मावती माता जी, श्री गोदांबा माता जी, श्री गरुड़ जी, श्री लक्ष्मी नृसिंह जी, श्री सुदर्शन जी, श्री रामानुज स्वामी जी, श्री शठकोप स्वामी जी, श्री वरवर मुनि जी एवं श्री हनुमान जी के मंदिर में दर्शन किए। 
श्रद्धालुओं ने धाम में स्थापित 42 फुट ऊंचे सोने के श्री गरुड़ स्तंभ, बलिपीठम्, घंटाघर, श्री तिरुपति यज्ञशाला एवं पवित्र सरोवर पुष्करणी का भी अवलोकन किया और 71 फुट ऊंचे भव्य व नक्काशीदार गोपुरम के दर्शन किए।