हरोली, 14 अक्तूबर:- उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को हरोली स्थित डेरा बाबा सोमनाथ जी में उनकी पुण्यतिथि पर पावन स्मृतियों को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने डेरे के गद्दीनशीन बाबा शिवनाथ जी से आशीर्वाद भी प्राप्त किया। उप मुख्यमंत्री ने हरोली में स्वर्गधाम के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बाबा शिवनाथ जी विकास पसंद व्यक्ति हैं और हरोली के विकास को लेकर समय-समय पर अपने सुझाव देते रहते हैं। उनके सुझाव क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हरोली में विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है और लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई दिशा तय की जा रही है। न्यू हरोली के रूप में क्षेत्र को विकसित किया जा रहा है, जहां विभिन्न बड़े कार्यालयों के भवन बनाए जाएंगे। इनमें कई भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन प्रयासों से क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल आधारभूत ढांचे तक सीमित नहीं है, बल्कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सरोकारों को भी समान महत्व दिया जा रहा है। हरोली में स्वर्गधाम के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा भी इसी दिशा में एक कदम है। उन्होंने बाबा सोमनाथ जी की स्मृतियों को कोटि-कोटि नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।