ऊना, 28 अक्टूबर। स्पर्श सेवा केंद्र, ऊना द्वारा जिले के सभी रक्षा पेंशनभोगियों के लिए 1 से 30 नवंबर तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 चलाया जाएगा। इस दौरान सभी रक्षा पेंशनधारकों को अपना वार्षिक पहचान सत्यापन समय पर पूरा करवाना जरूरी होगा, ताकि पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रह सके। यह जानकारी स्पर्श सेवा केंद्र, ऊना (पूर्व डीपीडीओ कार्यालय) के प्रभारी अमित छाबड़ा ने दी।
अमित छाबड़ा ने बताया कि भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित इस केंद्र के माध्यम से थल सेना, वायु सेना, नौसेना, रक्षा लेखा विभाग तथा अन्य संबंधित श्रेणियों के रक्षा पेंशनभोगी निर्धारित अवधि के दौरान अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि स्पर्श के माध्यम से पेंशन प्राप्त कर रहे जिन पेंशनभोगियों को वार्षिक पहचान सत्यापन का संदेश प्राप्त हो रहा है, वे निर्धारित अवधि में अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अवश्य जमा करवाएं। इसके लिए स्पर्श सेवा केंद्र, ऊना, नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर अथवा स्मार्टफोन पर ‘आधार फेस आरडी’ ऐप का उपयोग किया जा सकता है।
वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी विशेष सहायता
अमित छाबड़ा ने बताया कि 80 वर्ष से अधिक आयु के अति वरिष्ठ नागरिकों, बुजुर्गों और महिला पेंशनभोगियों को विशेष सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं, केंद्र तक पहुंचने में असमर्थ पेंशनभोगियों के मामलों में निर्धारित नियमों और स्थानीय व्यवस्थाओं के अनुसार आवश्यक समन्वय किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए भौतिक (फिजिकल) जीवन प्रमाणपत्र जमा करवाने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। उन्होंने सभी पात्र पेंशनभोगियों से आग्रह किया कि वे संबंधित अभियान के तहत अपनी वार्षिक पहचान प्रक्रिया पूरी करवाएं, ताकि पेंशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
