साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 18 नवंबर:- उपायुक्त साहिबजादा अजीत सिंह नगर श्री अदित्य डेचलवाल ने आज गांव पलनपुर, न्यू चंडीगढ़, ब्लॉक माजरी, तहसील खरड़ स्थित द रैंच क्लब में 27 से 29 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले तीसरे पंजाब घुड़सवारी उत्सव (इक्वेस्ट्रियन फेस्टिवल) 3.0 की तैयारियों की समीक्षा की।

जिला प्रशासन द्वारा पंजाब पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के सहयोग से आयोजित किए जा रहे इस तीन दिवसीय उत्सव को ‘पंजाब के सबसे बड़े चैंपियनों के महोत्सव’ के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान घोड़ों की विभिन्न प्रतियोगिताएं, भव्य घोड़ा परेड, लोक संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पंजाब की पारंपरिक कला, जीवनशैली से संबंधित स्टॉल और परिवारों के लिए मनोरंजक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

इस संबंध में आज आयोजन स्थल पर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और गठित नौ नोडल समितियों को आपसी तालमेल के साथ सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि उत्सव को सुचारू एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

उन्होंने पुलिस विभाग को आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात के सुचारू प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, समर्पित पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली से लैस सहायता केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए।

आयोजन स्थल पर बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्थल का नक्शा, स्टॉल, मंच, पार्किंग, अस्थायी शौचालय, पेयजल, अग्निशमन व्यवस्था और साफ-सफाई के प्रबंध समय पर पूरे करने को कहा। उन्होंने आयोजन स्थल और वहां तक पहुंचने वाली सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव तथा सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पशुओं की देखभाल और आम लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने पशुपालन विभाग को भाग लेने वाले घोड़ों एवं अन्य पशुओं के लिए उचित पशु चिकित्सा सुविधाएं, चारा और पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन चिकित्सा दल, प्राथमिक उपचार सुविधाएं और एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान गणमान्य अतिथियों के स्वागत, निर्णायक मंडल के चयन एवं आवास, प्रतियोगिताओं के परिणामों के डिजिटल संकलन, पुरस्कार वितरण और प्रचार-प्रसार संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने गांवों, शहरों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न मीडिया मंचों के माध्यम से व्यापक प्रचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास), साहिबजादा अजीत सिंह नगर श्रीमती सोनम चौधरी, जो इस उत्सव की नोडल अधिकारी (कन्वीनर) भी हैं; एस.पी. (ग्रामीण) जसपिंदर सिंह गिल; डी.एस.पी. मुल्लांपुर हरकीरत सिंह; जिला खेल अधिकारी उमेश्वरी शर्मा; जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी परमबीर कौर; तहसीलदार खरड़ हरमिंदर सिंह घोलिया; उप निदेशक पशुपालन डॉ. भूपिंदर सिंह तथा द रैंच क्लब के प्रतिनिधि दीपिंदर सिंह बराड़ उपस्थित थे।