भवानीगढ़/बठिंडा:- कांग्रेस पार्टी ने आज यहां बठिंडा-जीरकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव फग्गूवाला में पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला के प्रबंधों के तहत विशाल राज्य स्तरीय इंसाफ रैली आयोजित करके 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों का बिगुल बजा दिया।

12 एकड़ में तैयार किए गए पंडाल में विशाल रैली को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेता और संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार की मिलीभगत से घर-घर तक फैली नशों की बीमारी को केवल कांग्रेस पार्टी की सरकार ही खत्म कर सकती है।

राहुल गांधी ने कहा कि इस समय पंजाब का युवा नशों, लूटपाट और गैंगस्टरवाद की गिरफ्त में है तथा इन सामाजिक बुराइयों को रोकने में पंजाब की भगवंत मान सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने अपना भाषण बीच में रोककर मंच पर बैठे दिवंगत प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को अपने पास बुलाया और कहा कि सिद्धू मूसेवाला एक शानदार गायक और कुछ कर गुजरने वाली शख्सियत थे, लेकिन पंजाब की भगवंत मान सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार की नाकामियों के कारण ऐसे नौजवान हमसे छिन रहे हैं। उन्होंने सभी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पंजाब विधानसभा चुनाव के मैदान में डटने का आह्वान किया।

वहीं, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में नशों की सप्लाई गुजरात स्थित बंदरगाह से हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार नशों को रोकने के लिए गंभीर है, तो उसे अपने राज्यों से होने वाली नशों की सप्लाई पर रोक लगानी चाहिए। रैली को पंजाब के पार्टी प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह, प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल, सुखपाल सिंह खैहरा, डॉ. धर्मवीर गांधी, डॉ. अमर सिंह, फतेह सिंह बादल और गुरजोत सिंह ढींडसा आदि नेताओं ने भी संबोधित किया।