हरियाणा/हिसार: Oxford Public School Uklana Mandi में 3 HAR गर्ल्स बटालियन NCC के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ज्ञान प्रकाश पांडेय का प्रेरणादायक दौरा हुआ। यह कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य डॉ. भुवनेश भारद्वाज एवं एनओ लेफ्टिनेंट तनिषा चावला की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कर्नल ज्ञान प्रकाश पांडेय ने एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों को एनसीसी के नियमों, अनुशासन एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, समय पालन एवं राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने योग, नियमित व्यायाम एवं शारीरिक फिटनेस के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को योग एवं ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया ताकि मानसिक शांति एवं शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर बना रहे। साथ ही उन्होंने आध्यात्मिक जागरूकता (Spiritual Awakening), सकारात्मक सोच एवं नैतिक मूल्यों के महत्व के बारे में भी बताया।
कर्नल पांडेय ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के महत्व एवं जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने बड़े उत्साह के साथ सहभागिता की। विद्यालय प्रबंधन ने कर्नल ज्ञान प्रकाश पांडेय का विद्यालय आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। यह प्रेरणादायक सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं उत्साहवर्धक सिद्ध हुआ।
