गढ़शंकर/होशियारपुर, 23 अक्टूबर (हरि कृष्ण गंगड़):- पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से बड़े स्तर पर शुरू किए गए जागरूकता कार्यक्रमों की कड़ी में आज गांव सरहाला कलां में सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनिंग) अमनदीप कौर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पहुंचकर लोगों को नशों के घातक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस सामाजिक बुराई का खात्मा सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।

गांववासियों से बातचीत करते हुए सहायक आयुक्त अमनदीप कौर ने कहा कि नशों के विरुद्ध जागरूकता समय की मुख्य मांग है। इसके लिए सभी को एकजुट होकर इस सामाजिक बुराई को खत्म करने का संकल्प लेना चाहिए, ताकि युवाओं का उज्ज्वल भविष्य सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने बताया कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत संबंधित विभाग आपसी तालमेल से काम करते हुए नशे के हॉटस्पॉट पर पहुंचकर जागरूकता अभियान को तेज कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से बातचीत करते हुए उन्हें इस सामाजिक कल्याण के कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम भविष्य में सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए, ताकि नशों के दुष्प्रभावों के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाकर लोगों को नशे की गिरफ्त में आने से रोका जा सके।

सहायक आयुक्त अमनदीप कौर ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से नशों के घातक प्रभावों के बारे में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 60 दिनों की कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक गतिविधियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि गांवों में बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से संबंधित विभाग द्वारा गांव-गांव में सेमिनार आयोजित कर रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जा रही है। इसी कड़ी में 29 अक्टूबर को गांव भुंगरनी में रोजगार मेला लगाया जाएगा, जहां विभिन्न औद्योगिक इकाइयों द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। उन्होंने गांववासियों से अपील की कि युवाओं को उनकी पसंद के खेलों से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास भी नशा तस्करों के बारे में कोई जानकारी हो, तो वह बिना किसी झिझक के संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूचित कर सकता है, ताकि उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर डीएसपी भारत भूषण और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।