करनाल, 24 सितम्बर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को मधुबन पुलिस अकादमी में आयोजित 74वीं अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता शरद नवरात्र जैसे शुभ अवसर पर आयोजित हुई है, जो गर्व की बात है। खेल और पुलिस बलों का गहरा संबंध है। खेल न केवल अच्छा स्वास्थ्य प्रदान करते हैं, बल्कि टीम भावना, आपसी सहयोग और अनुशासन भी सिखाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि खेलों के पावर हाउस हरियाणा की धरती पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 34 टीमों के 1,474 खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। इस प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी दक्षता और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर दिया। यह पुलिस बलों के आपसी तालमेल को भी मजबूत करने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि “अच्छा खिलाड़ी अच्छा सिपाही भी होता है।” जो खिलाड़ी अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग के साथ खेलते हैं, वे सिपाही बनकर अपनी ड्यूटी भी अधिक दक्षता और कुशलता से निभाते हैं। खेल और पुलिस एक-दूसरे के पूरक बन चुके हैं। यह पुलिस जवानों की फिटनेस बनाए रखने में भी कारगर सिद्ध होंगे।

2036 ओलंपिक में भारत को खेल महाशक्ति बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने फिटनेस के महत्व को देखते हुए कहा है, “जो फिट है, वही हर क्षेत्र में हिट है।” इसे साकार करने के लिए 2019 में फिट इंडिया अभियान शुरू किया गया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2036 के ओलंपिक खेलों में भारत को खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा है और इन खेलों को भारत में आयोजित कराने की इच्छा भी व्यक्त की है।

हरियाणा पुलिस ने दिए अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा पुलिस के जवानों ने न केवल सुरक्षा की ड्यूटी को बखूबी निभाया है, बल्कि देश को अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी दिए हैं। ऐसे खिलाड़ियों ने देश का मान और गौरव बढ़ाया है। हरियाणा पुलिस का प्रदेश में खेलों के प्रति उत्साहजनक माहौल बनाने में भी सराहनीय योगदान रहा है। हरियाणा पुलिस के खिलाड़ियों ने पद्मश्री, खेल रत्न, मेजर ध्यानचंद, अर्जुन और द्रोणाचार्य जैसे पुरस्कार जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। कुश्ती हरियाणा का प्रमुख खेल है और यहां के धाकड़ पहलवान पूरे मनोबल के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं।

खेलों के लिए विकसित किया विज़न
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने लगभग 11 वर्ष पहले खेलों के लिए एक विज़न विकसित किया था। इसका उद्देश्य है—हर बच्चे और हर युवा को खेल से जोड़ना व अवसर प्रदान करना, हर गांव में खेल का मैदान बनाना। इस विज़न का लक्ष्य है हरियाणा को भारत की खेल राजधानी बनाना। सरकार ने खेल ढांचे को आधुनिक बनाया है। वर्ष 2015 में हरियाणा स्पोर्ट्स एंड फिजिकल फिटनेस पॉलिसी लागू की गई। इस नीति से युवाओं का खेल के प्रति रुझान बढ़ा और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
सरकार ने खेल नर्सरी योजना भी आरंभ की। वर्तमान में प्रदेश में 1,489 खेल नर्सरियां संचालित हैं जिनमें 37,225 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021 बनाए गए। इसके तहत 550 नए पद सृजित किए गए और 224 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी गई। खिलाड़ियों के लिए श्रेणी-एक से चार तक के पदों पर सीधी भर्ती में आरक्षण का प्रावधान किया गया। 15,634 खिलाड़ियों को खेल उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हरियाणा पुलिस में खेल कोटे से शीघ्र भर्ती की जाएगी। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

“अनुभव भविष्य में भी बुलंदियों तक ले जाएगा”:  डीजीपी
इस अवसर पर हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी इस सिलसिले को जारी रखेंगे। हरियाणा की मिट्टी से मिला यह अनुभव उन्हें आगे भी बुलंदियों तक पहुंचाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि इन खेलों में खिलाड़ियों को न केवल दक्षता और क्षमता प्रदर्शित करने का मौका मिला, बल्कि एक-दूसरे के रहन-सहन, खानपान और भाषा आदि की जानकारी भी मिली है। इससे राष्ट्रीय एकता मजबूत होती है। हरियाणा पुलिस अब तक 19 अखिल भारतीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन कर चुकी है।

सीआईएसएफ ने जीते 40 पदक
डीजीपी ने बताया कि अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती प्रतियोगिताओं में सीआईएसएफ के खिलाड़ियों ने 13 स्वर्ण, 9 रजत और 18 कांस्य (कुल 40) पदक जीते। यूपी पुलिस के खिलाड़ियों ने 12 स्वर्ण, 15 रजत, 19 कांस्य और आईटीबीपी के खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण, 4 रजत और 6 कांस्य पदक प्राप्त किए। हरियाणा के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार हर स्तर पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। इस अवसर पर अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि विधु शेखर, आईपीएस ने भी अपने विचार रखे।
समापन अवसर पर मुख्यमंत्री के सम्मुख कराए गए महिला वर्ग के 53 किलोग्राम फ्री स्टाइल मुकाबले में सीआईएसएफ की रजनी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। यूपी पुलिस की हेमलता ने रजत पदक प्राप्त किया। इसी प्रकार पुरुष वर्ग के 125 किलोग्राम भार (फ्री स्टाइल) में हरियाणा के मौसम खत्री ने स्वर्ण पदक और जम्मू-कश्मीर के इशाक मोहम्मद ने रजत पदक प्राप्त किया। महिला वर्ग में कांस्य पदक प्रियांसी और निर्मला को तथा पुरुष वर्ग में मोहित और भारत चौधरी को प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक जगमोहन आनंद, हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक अशविंद्र सिंह चावला, आईजी नरवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत किया।