होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- पंजाब सरकार की ओर से विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लाजवंती स्टेडियम, होशियारपुर में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय विशेष खेलें उत्साह के साथ संपन्न हुईं। इन खेलों का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने किया। समारोह में समाजसेवी संजीव अरोड़ा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में प्रतिभा, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भरपूर क्षमता होती है। जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और सहयोग देने की है। खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को तैयार करने वाले शिक्षकों की मेहनत और समर्पण की सराहना की। साथ ही उन्होंने अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग, हौसले और निरंतर प्रयासों से बच्चे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये विद्यार्थी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

विधायक ने कहा कि यह खेल आयोजन विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा, हौसले, आत्मविश्वास और खेल भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ। इस अवसर पर आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों, प्रबंधकों, अभिभावकों, सहयोगियों और सेवा करने वाली संस्थाओं के प्रयासों की सराहना की गई।

इस अवसर पर सरबत दा भला सोसायटी, होशियारपुर के अध्यक्ष आज्ञापाल सिंह साहनी, रोहताश जैन और गुरु रामदास लंगर सेवा की ओर से बाबा मनजीत सिंह ने विशेष सहयोग दिया। इस मौके पर स्थानीय पार्षद एवं पार्टी के स्पोर्ट्स इंचार्ज वरिंदर दत्त वैद भी मौजूद थे।