हरोली/ऊना, 13 मार्च (राजवीर चोपड़ा): हरोली क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता मंदिर पूबोवाल में इस वर्ष चैत्र नवरात्र का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाले इन पावन नवरात्रों को लेकर मंदिर कमेटी और स्थानीय श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
इस वर्ष के आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रहेगी कि मंदिर में मां वैष्णो देवी के दरबार से लाई गई पवित्र अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाएगी, जो पूरे नवरात्रों तक निरंतर जलती रहेगी।
मंदिर को हर वर्ष की तरह इस बार भी आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। मंदिर के सेवादार संजीव कुमार ने बताया कि चैत्र नवरात्र के नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक उत्सव में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु भाग लेंगे। मंदिर में नवरात्र के दौरान अखंड ज्योति जलाने की वर्षों पुरानी परंपरा है, जिसे क्षेत्र की सुख-समृद्धि और कल्याण का प्रतीक माना जाता है।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष किसी प्रसिद्ध शक्तिपीठ से मां की पवित्र ज्योति लाकर मंदिर में स्थापित की जाती है। पिछले वर्ष यह ज्योति माता मनसा देवी मंदिर से लाई गई थी, जबकि इस बार मां वैष्णो देवी के पावन दरबार से ज्योति लाकर स्थापित की जाएगी। इसके लिए श्रद्धालुओं का एक विशेष जत्था जल्द ही रवाना होगा।
नवरात्र के दौरान मंदिर में प्रतिदिन विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। 19 मार्च को शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना की जाएगी। वहीं प्रतिदिन शाम को स्थानीय और बाहरी भजन मंडलियों द्वारा माता का गुणगान किया जाएगा।
अष्टमी और नवमी के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।