रतिया, 03 अक्तूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- बंदी सिंहों की रिहाई संबंधी रतिया में 5 अक्तूबर के रोष मार्च कार्यक्रम के लिए क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 3 टीमों द्वारा रूट बनाकर प्रचार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा संगत रोष मार्च में शामिल हो सके। वहीं जानकारी देते हुए हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य काका सिंह लधुवास ने बताया कि पिछले 3 दिनों से रतिया क्षेत्र के गांवों व शहर में प्रचार अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें गुरुद्वारा कमेटियों एवं संगत द्वारा अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि पुराना बाजार गुरुद्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब साहिब रतिया से तहसील तक विशाल रोष मार्च निकाला जाएगा और जेलों में सजाएं पूरी कर चुके सिंहों की रिहाई संबंधी प्रशासन को मांग पत्र सौंपा जाएगा।
रोष कार्यक्रम को लेकर पहली टीम में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य काका सिंह लधुवास द्वारा टीम में शामिल मनजीत सिंह, अजैब सिंह मंडेर, रणजीत सिंह सदस्यों के साथ गांव ब्राह्मणवाला प्लाट, मिराणा ढाणी, बोड़ा, बलियाला, तेलीवाड़ा सहित गांवों में गुरुद्वारा कमेटियों को रोष मार्च कार्यक्रम संबंधी जानकारी देकर शामिल होने का आग्रह किया गया। वहीं दूसरी टीम में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सदस्य इकबाल सिंह खोखर एवं गुरमेल सिंह सहनाल, गुरजीत सिंह, बंता सिंह सहित द्वारा गांव हसंगा, पांडरी, शेखपुर सौत्र, गुरुद्वारा दशमेश दरबार सहित शहर-गांवों में गुरुद्वारा कमेटियों को प्रेरित करते हुए प्रचार किया गया। वहीं तीसरी टीम में श्री गुरु ग्रंथ साहिब सेवा ट्रस्ट प्रधान जरनैल सिंह सहित टीम सदस्य फतेह सिंह, गुरचरण सिंह, रूप सिंह, जरनैल सिंह, सुरेंद्र सिंह, चरणजीत सिंह सहित सदस्यों द्वारा गांव कमाना सहित आसपास क्षेत्र में जाकर सिख संगत को रोष मार्च के कार्यक्रम संबंधी प्रेरित किया गया।
