हांसी, 03 अक्तूबर (दिनकर गावड़ी):- भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा का हांसी जिले में संगठनात्मक प्रवास रहा। भाजपा हांसी जिला कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने की। जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने प्रदेश महामंत्री के समक्ष हांसी जिले की संगठनात्मक स्थिति को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने जिले में चल रहे संगठनात्मक कार्यों, संगठन की सक्रियता, मंडल एवं बूथ स्तर की गतिविधियों तथा सक्रिय पदाधिकारियों की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की।

इस दौरान जिले में संगठन की वर्तमान स्थिति, सक्रिय कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की सहभागिता, मंडल स्तर पर किए जा रहे कार्यों तथा संगठन को और अधिक विस्तार देने को लेकर भी विस्तार से मंथन हुआ। जिला अध्यक्ष ने बताया कि हांसी जिले में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा निरंतर सक्रियता के साथ कार्य किया जा रहा है।

जिला प्रभारी प्रतिभा सुमन ने कहा कि हांसी जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं में निरंतर उत्साह और सक्रियता दिखाई दे रही है। भाजपा का संगठन कार्यकर्ता आधारित संगठन है और प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा ने जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त किया और संगठन विस्तार को लेकर उनके विचार एवं सुझाव जाने। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता है। निरंतर जनसंपर्क, सक्रियता और सेवा भाव के माध्यम से संगठन को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने मंडल एवं बूथ स्तर की संगठनात्मक गतिविधियों तथा विभिन्न मोर्चों की सक्रियता को लेकर भी जानकारी ली। साथ ही आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, जिला प्रभारी प्रतिभा सुमन, जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, बिजेंद्र लोहान सहित जिला पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष एवं मोर्चों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

प्रदेश महामंत्री का यह प्रवास कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने के साथ हांसी जिले में संगठन विस्तार और जमीनी मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण संवाद के रूप में सामने आया।