हरोली/ऊना, 23 नवंबर:- राजनीति में पहचान बनाने के लिए बड़े-बड़े भाषण, मंच और वादे जरूरी नहीं होते। इंसान की असली पहचान उस वक्त सामने आती है, जब कोई बेबस परिवार जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा होता है और कोई उसके साथ खड़े होने का साहस दिखाता है। हरोली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेता पुनीत मोदगिल का नाम इन दिनों इसी मानवीय पहल को लेकर चर्चा में है।

कुठारबीत निवासी जसवंत सिंह आर्मेनिया में लकवे (पैरालिसिस) से ग्रस्त होकर जिंदगी की जंग लड़ रहे थे। विदेश में बीमार पड़े बेटे और भारत में उसकी मां की बेबसी का अंदाजा लगाना भी मुश्किल था। मां अपने बेटे को सुरक्षित वापस लाने के लिए नेताओं और जिम्मेदार लोगों के दरवाजे खटखटा रही थी। आंखों में आंसू थे, दिल में बेटे की सलामती की उम्मीद और हर गुजरते दिन के साथ बढ़ती चिंता थी। परिवार के लिए वह समय किसी पहाड़ से कम नहीं था।

ऐसे मुश्किल दौर में भाजपा नेता पुनीत मोदगिल ने केवल आश्वासन देने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि खुद हजारों किलोमीटर दूर आर्मेनिया पहुंचकर जसवंत सिंह को भारत वापस लाने की पहल की। विदेश से जसवंत की सुरक्षित वापसी के बाद पुनीत मोदगिल पहली बार क्षेत्र में खास चर्चा में आए थे।

लेकिन उनकी भूमिका यहीं खत्म नहीं हुई। अब जसवंत के पैरालिसिस के इलाज और नियमित फिजियोथेरेपी की व्यवस्था की जिम्मेदारी भी पुनीत मोदगिल की ओर से उठाई जा रही है। उनके अनुसार जसवंत को रोजाना फिजियोथेरेपी दी जा रही है और उनके शरीर में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल रहा है। हाथ-पैरों की गतिविधियों में भी सुधार की उम्मीद जगी है।

पुनीत मोदगिल ने कहा कि भगवान की इच्छा और कृपा से उन्हें यह नेक कार्य करने की शक्ति मिली। जसवंत के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और उनके बेहतर इलाज के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस घटनाक्रम के बाद भाजपा नेता पुनीत मोदगिल की राजनीतिक सक्रियता भी हरोली में चर्चा का विषय बन गई है। क्षेत्र की राजनीति में उनकी धमाकेदार एंट्री को अब लोग एक नए घटनाक्रम के रूप में देख रहे हैं। क्योंकि राजनीति में पोस्टरों से पहचान मिल सकती है, लेकिन किसी मां की आंखों के आंसू पोंछने और संकट में पड़े परिवार का सहारा बनने से लोगों के दिलों में जो जगह बनती है, वह किसी चुनावी मंच या भाषण से नहीं मिलती।