होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष निपुण शर्मा ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (बादल) के पुनः गठबंधन का हार्दिक स्वागत करते हुए दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
निपुण शर्मा ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का पुनः एक साथ आना पंजाब के लिए एक सकारात्मक कदम है। यह गठबंधन प्रदेश में हिंदू–सिख भाईचारे को और मजबूत करेगा तथा आपसी सद्भाव, शांति और एकता की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती गुरु साहिबान की शिक्षाओं, आपसी प्रेम और सांझी विरासत की प्रतीक है। यह गठबंधन प्रदेश की इस गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पूर्व जिला अध्यक्ष निपुण शर्मा ने कहा कि इस गठबंधन की पहल से नशामुक्त पंजाब के संकल्प को नई ताकत मिलेगी।
निपुण शर्मा ने कहा कि आज एक बार फिर केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का अपना संकल्प दोहराया है। यह पंजाब के युवाओं और उनके परिवारों के लिए आशा का संदेश है।
उन्होंने कहा कि नशा पंजाब की युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए एक गंभीर चुनौती है। इसे समाप्त करने के लिए ठोस प्रयासों, प्रभावी कार्रवाई और जनभागीदारी की आवश्यकता है। भाजपा–अकाली दल का गठबंधन इस दिशा में एक मजबूत जनआंदोलन खड़ा करने में सहायक सिद्ध होगा।
निपुण शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि 2027 में पंजाब में भाजपा–अकाली दल की सरकार बनेगी और प्रदेश एक बार फिर विकास एवं खुशहाली की राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा–अकाली गठबंधन के नेतृत्व में पंजाब को देश का नंबर-1 राज्य बनाने का संकल्प साकार होगा।
शर्मा ने कहा कि पंजाब की जनता भी इस सकारात्मक पहल का स्वागत करेगी और प्रदेश को फिर से तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाने में अपना योगदान देगी।
