पटियाला (मनप्रीत सिंह):- नगर निगम चुनावों के मद्देनजर वार्ड नंबर 37 से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार किरण रानी के चुनाव प्रचार को उस समय बड़ा समर्थन मिला, जब ब्लॉक प्रधान सिकंदर चौहान के नेतृत्व में अमर दर्शन कॉलोनी में आयोजित जनसभा ने रैली का रूप धारण कर लिया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा पंजाब की अध्यक्ष बीबा जय इंदर कौर ने विशेष रूप से शामिल होकर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार के कामकाज पर तीखे सवाल उठाते हुए लोगों को सरकार की जनविरोधी नीतियों के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि आज शहर के कई वार्डों में लंबे समय से सीवरेज का गंदा पानी पीने के पानी में मिलकर आ रहा है। टूटी हुई गलियों और सड़कों की कोई सुध नहीं ले रहा। रात के समय स्ट्रीट लाइटें रोजाना बंद रहने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। शहरवासियों को भारी परेशानियों और असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है तथा उनकी समस्याओं को कहीं भी नहीं सुना जा रहा।

उन्होंने कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता के आधार पर करवाने में भाजपा कोई कमी नहीं छोड़ेगी। इसके लिए भाजपा उम्मीदवारों को जिताना बेहद जरूरी है।

इस मौके पर वार्ड नंबर 37 की भाजपा उम्मीदवार किरण रानी और सिकंदर चौहान ने कहा कि वे पहले भी वार्डवासियों के हित में कार्य करने के लिए समर्पित रहे हैं और चुनाव के बाद भी हमेशा लोगों के कार्यों तथा उनके हितों के लिए उपलब्ध रहेंगे।

इस अवसर पर भाजपा पंजाब के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह, कुलदीप सिंह विर्क, पार्षद शेरू पंडित, प्रेम चंद प्रेमी, ज्ञान चंद बिल्लू सहित अन्य नेताओं ने भी किरण रानी के समर्थन में संबोधित किया।