होशियारपुर:- भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड (बीबीएमबी) द्वारा स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय भावना, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यहां नर्सरी ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अभियंता राकेश कुमार गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी के बाद देश ने विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है, लेकिन अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। उन्होंने कहा कि आज का दिन देश की प्रगति में अपना योगदान देने के संकल्प को और मजबूत करने का दिन है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें।
उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में बीबीएमबी द्वारा निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संस्था आज के इस पावन अवसर पर इस भूमिका को भविष्य में और अधिक प्रभावी ढंग से निभाने का संकल्प लेती है। उन्होंने कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक, चाहे वह किसी भी क्षेत्र में कार्य कर रहा हो, यदि अपने कार्य को मेहनत, ईमानदारी और पूरी निष्ठा से करे तो हमारा देश विश्व शक्ति के रूप में अपना स्थान और मजबूत कर सकता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट से सलामी ली। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर रणजीत सिंह ने किया। परेड में फायर ब्रिगेड सर्विस के अलावा विभिन्न स्कूलों के स्काउट्स एवं एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया।
समारोह के दौरान बीबीएमबी डीएवी स्कूल, श्री हरिकृष्ण पब्लिक स्कूल, सर्व हितकारी विद्या मंदिर, विशिष्ट भारती पब्लिक स्कूल, सरकारी मॉडल स्कूल, सरकारी सीनियर सेकेंडरी कन्या स्कूल तथा सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लड़के, तलवाड़ा के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा पर्वतारोही परमिंदर सिंह तथा दो वंडर किड्स जसपिंदर सिंह और रमिंदर सिंह को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने छोटी उम्र में ऊंचे एवं दुर्गम पर्वतीय मार्गों को पार कर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन एसडीओ धर्मेंद्र सिंह एवं मैडम गीतांजलि ने किया।
इस अवसर पर रेड क्रॉस की चेयरपर्सन श्रीमती सीमा गुप्ता, उप मुख्य अभियंता विमल मीना, मनवीन चौधरी, अजीत कुमार, अतिरिक्त निगरान अभियंता विनय कुमार एवं अरविंदर पाल सिंह ऊभी, कार्यकारी अभियंता गौरव लांबा, एसडीओ धीरज कुमार, गोपाल, प्रिंसिपल रोहित सलारिया, सुपरिंटेंडेंट तिलक राज शर्मा, जूनियर इंजीनियर गुलशन कुमार, राजू, जतिन एवं बलजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
