हरोली/ऊना, 15 जून (राजवीर चोपड़ा):- हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) द्वारा घोषित स्नातक परीक्षा परिणाम में संत ढांगू वाले गुज्जर राजकीय महाविद्यालय, बीटन के बीएससी तृतीय वर्ष के मेधावी छात्र चिराग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में प्रदेशभर में छठा स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।
चिराग ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासित अध्ययन के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुमिक्षा गुप्ता ने चिराग को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उसकी निरंतर मेहनत, दृढ़ संकल्प तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय सदैव विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके सकारात्मक परिणाम समय-समय पर सामने आते रहते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या, प्राध्यापकगण एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में चिराग को 11,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
चिराग की उपलब्धियां यहीं तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने इस वर्ष प्रतिष्ठित आईआईटी जैम (IIT-JAM) परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 66वीं रैंक (AIR-66) प्राप्त की है, जिसके आधार पर उन्हें आईआईटी बॉम्बे में भौतिकी विषय में विज्ञान स्नातकोत्तर (एमएससी) पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला है।
अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चिराग ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों तथा महाविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए सकारात्मक शैक्षणिक माहौल को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास उनकी सफलता के प्रमुख आधार रहे हैं। साथ ही उन्होंने अपने सहपाठियों को निरंतर परिश्रम करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने चिराग की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
एचपीयू मेरिट सूची में चमका बीटन कॉलेज का छात्र चिराग प्रदेश में छठा स्थान हासिल कर बढ़ाया मान
