करनाल, 6 दिसंबर: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने लोगों से आह्वान किया है कि वे बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलें। युवा शिक्षित व कर्तव्यवान बनकर खुद व परिवार की तरक्की के साथ-साथ राष्ट्र की प्रगति में योगदान दें। ईमानदारी व निष्ठा से कर्तव्यों का पालन करें।
श्री कल्याण आज यहां सेक्टर 16 के अंबेडकर भवन में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर अंबेडकर समाज कल्याण सभा की ओर से आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने इससे पूर्व बाबा साहेब के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
समारोह की अध्यक्षता रेडक्रास सोसायटी के राज्य सचिव सुनील कुमार ने की। सभा के प्रधान अमर सिंह ने आगंतुकों का अभिवादन किया और सभा की ओर से संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि और कार्यक्रम के अध्यक्ष को सभा की ओर से स्मृति चिह्न भेंट किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहेब ने पूरा जीवन गरीबों, शोषितों, पिछड़ों, वंचितों को समर्पित किया। आजादी के बाद विविधता भरे देश के लिए संविधान का निर्माण करना एक चुनौती थी जिसको लेकर बाबा साहब के नेतृत्व में एक ऐसा संविधान देश को मिला जिसके अनुरूप चलते हुए देश लगातार तरक्की कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब के नाम पर तीर्थ बना कर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने एक अति प्रशंसनीय कार्य किया है जहां से सभी को प्रेरणा प्राप्त होती है। देश रियासतों, अनेक बोलियों, अलग-अलग खानपान और रीति-रिवाजों में बंटा हुआ था। संविधान बनाने की प्रक्रिया तीन साल चली। बाबा साहेब को प्रारूप कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया।
उन्होंने कई देशों के संविधान का गहराई से अध्ययन किया। लोगों से प्राप्त सभी हज़ारों सुझावों पर भी गौर किया। बाबा साहेब उच्च कोटि के विद्वान थे। बाबा साहेब कहते थे-ज्ञान ही शक्ति है। उन्होंने दलितों व शोषितों को जागरूक करने के लिए शिक्षित बनो व संगठित रहो और संघर्ष करो का नारा दिया जिससे समाज व राष्ट्र की उन्नति व मजबूती के लिए हर नागरिक को चरितार्थ करने की आवश्यकता है।
श्री कल्याण ने कहा कि आज युवाओं में अच्छे संस्कार डालने की जरूरत है। उन्हें अच्छा-बुरा, ठीक-गलत के अंतर को जानना होगा तथा ऊंचे ओहदे पर बैठे लोगों को हमेशा कमजोर, जरूरतमंद व गरीबों के प्रति हमेशा संवेदनशील बने रहना होगा।
वैश्विक चुनौतियों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज समाज में नशाखोरी बढ़ रही है तथा साथ ही पर्यावरण संबंधी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। इसलिए युवा वर्ग को जागरूक व काबिल बनाते हुए नशे से बचाने की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी अंबेडकर समाज कल्याण सभी समाज व राष्ट्र हित में कार्य करती रहेगी।
इस मौके पर सभा के प्रधान अमर सिंह के अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में भूप सिंह व प्रोफेसर रामजी लाल ने भाग लिया। मंच संचालन पूर्व डीआईपीआरओ हरनाम दास ने किया।
शिक्षित व कर्तव्यवान बन बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ें कल्याण
