टाहलीवाल/हरोली,11 फरवरी (नारायण प्रभाकर):- पंजाब सरकार द्वारा बालयोगी संत बाबा परगट नाथ महाराज जी को भगवान वाल्मीकि तीर्थ, अमृतसर के सरायन बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से समाज और श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है। लोगों का मानना है कि उनके नेतृत्व में तीर्थ स्थल के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
 महर्षि वाल्मीकि गुरु रविदास यूथ एकता महासभा की ओर से बाबा परगट नाथ महाराज जी को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई दी गई। हिमाचल वाल्मीकि सभा के अध्यक्ष लक्की तेजी, महृषि वाल्मीकि गुरु रविदास यूथ एकता महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अमित वाल्मीकि, जिला ऊना के अध्यक्ष इशांत धुग्गा तथा यूथ अध्यक्ष कर्ण ने संयुक्त रूप से बाबा परगट नाथ महाराज जी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। 
उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा जी अपने अनुभव और मार्गदर्शन से समाज सेवा और धार्मिक कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि बाबा परगट नाथ महाराज जी का जीवन हमेशा समाज कल्याण और आध्यात्मिक सेवा के लिए समर्पित रहा है, और उनकी यह नई जिम्मेदारी निश्चित रूप से समाज के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।