हरोली/ऊना, 8 मई (राजवीर चोपड़ा):- तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब के प्रचार-प्रसार के लिए बाबा केवल सिंह जी अपने जत्थे सहित हिमाचल प्रदेश में श्री गुरु रविदास महाराज जी की वाणी और विचारधारा का दिन-रात प्रचार कर रहे हैं। इसी कड़ी के तहत आज बाबा केवल सिंह जी जत्थे सहित ऐतिहासिक गुरुद्वारा गदौरी साहिब, कुल्लू पहुंचे।
यह पवित्र स्थल बाबा श्री चंद्र महाराज जी की तपोभूमि के रूप में प्रसिद्ध है। बताया जाता है कि जब बाबा श्री चंद्र महाराज जी चंबा की ओर गए थे, तब वह कुल्लू के समीप स्थित गदौरी साहिब में 22 दिनों तक तपस्या में लीन रहे। इस स्थान पर बाबा जी ने एक शिला पर अपने धूणे वाला चिमटा गाड़ा तथा बौली साहिब प्रकट की। आज भी यहां बाबा जी का चिमटा, शिला पर चरण चिन्ह, अन्न पूर्णा बर्तन तथा बाबा जी की सिमरन माला श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने हुए हैं। इस स्थान पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज का प्रकाश भी सुशोभित है।
इस पावन स्थल की सेवा-संभाल श्रीमान संत बाबा दयानंद जी महाराज द्वारा की जा रही है। बाबा दयानंद जी ने तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब से पहुंचे जत्थे का बड़े प्रेम, सम्मान और श्रद्धा भाव से स्वागत किया तथा लंगर-पानी की सेवा निभाई। उनके विनम्र स्वभाव और आध्यात्मिक जीवन की संगतों द्वारा भरपूर सराहना की गई।
इस अवसर पर संत बाबा सुरजीत सिंह जी हीरां वाले भी स्थल पर उपस्थित थे। जत्थे ने उनके दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। बाबा दयानंद जी और बाबा सुरजीत सिंह जी द्वारा आए हुए जत्थे को गुरु घर की बख्शिश स्वरूप सिरोपाओ और सम्मान चिन्ह भेंट किए गए।
इस मौके पर बाबा केवल सिंह जी, बाबा सुरजीत सिंह जी हीरां वाले, भाई बलजिंदर सिंह जी, भाई दीपक सिंह जी, डिंपल गंगड़ जी, चौधरी कुलविंदर लाल जी, प्रदीप कुमार तथा प्रीतम सिंह जी सहित अन्य संगतें उपस्थित रहीं।