संतोषगढ़/ऊना, 14 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर संतोषगढ़ स्थित गुरु रविदास मंदिर परिसर में जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग ऊना तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी संतोषगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप धीमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि ऊना के पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कुलदीप धीमान ने अंबेडकर चौक पर स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और पैदल मार्च करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उनका संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। इस दौरान उन्होंने संतोषगढ़ के वार्ड नंबर 4 और 5 का नाम अंबेडकर नगर रखने की घोषणा भी की।
विशेष अतिथि सतपाल सिंह रायजादा ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश के निर्माण और सभी वर्गों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने संतोषगढ़ चौक और न्यायालय परिसर के बाहर उपयुक्त स्थान पर बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित करने की बात कही।
शिविर के दौरान अधिवक्ता विजय डोगरा, दिग्विजय मल्होत्रा और शालिनी जमवाल ने लोगों को उनके अधिकारों, सुविधाओं और अवसरों के बारे में जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 20 लोगों ने लाभ उठाया।
कार्यक्रम में विभिन्न गणमान्य व्यक्ति, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सोसाइटी के प्रधान सुरिंदर बस्सी, उपप्रधान सुलिन्द्र चोपड़ा, महासचिव सुरेश कुमार, कोषाध्यक्ष महेश सहजल, हरजीत सिंघा, नरेश सिंघा, पंकज चोपड़ा, नवीन महे, जिलाध्यक्ष अनुसूचित जाति ऊना बलराम महे सहित पंडित जगत राम, गुरपाल कलसी, नरेश कुमार (अधिवक्ता), कुलदीप नंगल, हरिचंद संधू, शहरी इकाई संतोषगढ़ के प्रधान मुकेश पूरी, बरिंदर प्रभाकर, अंजू सैनी, बेबी, आशा देवी, निर्मल महे, कुलविंदर बैंस, सुरजीत सिंह, अशोक बसन, दास राम, जगमोहन सिंह वालिया, डॉ. नरेश कतनोरिया, डॉ. कृष्ण कतनोरिया, आशु महे और ज्योति सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
संतोषगढ़ में डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर जागरूकता व निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
