फतेहाबाद, 22 मई :- ऑल इंडिया खत्री पंजाबी कम्युनिटी संगठन की द्वारा शिवा पार्क, शिवपुरी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रदेश अध्यक्ष सूर्यवंशी ओमप्रकाश चुघ ने की, जबकि मंच संचालन प्रदेश सलाहकार पवन रूखाया द्वारा किया गया। इस बैठक के दौरान समाज और शहर का नाम रोशन करने वाली दो होनहार बेटियों काव्या चौधरी और अपूर्वा मेहता को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संगठन द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया गया।
उल्लेखनीय है कि काव्या चौधरी ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में 497 अंक प्राप्त कर कॉमर्स में ऑल इंडिया टॉप कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है, वहीं अपूर्वा मेहता ने छत्तीसगढ़ में आई सर्जन के रूप में पहला स्थान हासिल कर समाज का नाम चमकाया है। सम्मान समारोह के दौरान संस्था द्वारा सबसे पहले दोनों बेटियों का तिलक लगाकर और फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। 
इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष साहिब दयाल वधवा ने दोनों होनहारों को मेडल पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस खुशी के मौके पर संस्था के सदस्यों ने बेटियों से केक कटवाकर सभी का मुंह मीठा करवाया। समारोह में दोनों बच्चियों के माता-पिता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बेटियों को आशीर्वाद देते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष साहिब दयाल वधवा ने कहा कि आज समाज को अपनी इन बेटियों पर गर्व है। 
इन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से अपने माता-पिता, समाज और पूरे फतेहाबाद शहर का नाम रोशन किया है। हमें पूरी उम्मीद है कि ये बेटियां भविष्य में भी इससे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर कामयाबी के नए शिखर छुएंगी। समारोह में संस्था द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बाल वाटिका स्कूल के संचालक राजन महतानी और डायरेक्टर रोजी महतानी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार सुनील सचदेवा ने शिरकत की।
इस अवसर पर कानूनी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र कुकड़ेजा, जिला अध्यक्ष धर्मपाल चावला, जिला महासचिव परम अरोड़ा, चिकित्सक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष डॉ. सुभाष चंद्र मेहता, मेहर चंद गिलहोत्रा, सुनीता आनंद, अंजलि कामरा, ममता रहेजा, बसंत रूखाया, संजय झंडई, रवि मेहता, विजय मक्कड़, राम निवास शर्मा, दुष्यंत शर्मा, गुरदयाल आनंद, पुरुषोत्तम फुटेला, सुमन लता सिवाच, सनी शर्मा, राधा कृष्ण नारंग, रामचंद्र सेठी, पंडित सनी शर्मा, आशु सचदेवा, गुरदीप सिंह बग्गा, जुगल किशोर धींगरा और श्याम सुंदर बाघला सहित भारी संख्या में संस्था के पदाधिकारी व शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।