हरोली/ऊना, 23 मई (राजवीर चोपड़ा):- हरोली उपमंडल के अंतर्गत गांव बाथड़ी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सालाना दहाजा आयोजन श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर छपड़ी वाले दरबार में माथा टेका और सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय बना रहा तथा श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में दहाजा मंडली मूलराज डल्लेवाल ने अपनी शानदार धार्मिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन-कीर्तन और धार्मिक रस्मों के दौरान श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।
इस अवसर पर Mukesh Agnihotri ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। दहाजा स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बाबा सिद्ध चानो जी महाराज डेरा छपड़ी वाला बाथड़ी के मुख सेवादार सतपाल भगत व अन्य ग्रामवासियों ने उप मुख्यमंत्री को सिरोपा व बाबा सिद्ध चानो जी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।
उप मुख्यमंत्री ने दहाजा स्थल पर माथा टेककर प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की खुशहाली की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हिमाचल की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, एकता और आपसी प्रेम को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
दहाजा आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।