हरोली/ऊना, 1 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव कांटे स्थित डेरा बाबा रोटी राम में बाबा रोटी राम जी की सालाना बरसी श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाई गई। प्रातः काल से ही डेरा परिसर में गुरबाणी की मधुर स्वर लहरियां गूंजती रहीं और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन भोग डाले गए।
इसके उपरांत संत-महापुरुषों द्वारा भव्य कीर्तन दरबार सजाया गया, जिसमें दूर-दराज से आई संगत ने श्रद्धा भाव से भाग लिया। समागम में पधारे संत बाबा कुलवंत राम ने संगत को संबोधित करते हुए गुरबाणी की पंक्तियां उद्धृत कीं—
“जिठे जाए बिहै मेरा सतगुरू सो थान सुहावा राम राजए,
ओ धरती भागां वाली है जिथे साधु बैठ जाता है।”
उन्होंने कहा कि बाबा रोटी राम जी ने इसी पावन स्थल पर घोर तपस्या की थी। उस समय यह समूचा क्षेत्र घने जंगलों से आच्छादित था, जहां शेर, बघेले और चीते जैसे वन्य जीव विचरण करते थे, किंतु बाबा जी की तपस्या और आध्यात्मिक शक्ति के आगे वन्य जीव भी शांत हो जाते थे। आज यह स्थान करोड़ों भक्तों की आस्था का केंद्र बन चुका है और प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु यहां माथा टेकने पहुंचते हैं। बताया गया कि यह पावन डेरा लगभग 350 वर्ष प्राचीन है।
संत बाबा कुलवंत राम जी ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी गुरु का अटूट लंगर प्रेम, सेवा और समर्पण भाव के साथ लगाया गया। पंजाब सहित आसपास के राज्यों से हजारों श्रद्धालु संगत ने पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
समागम को सफल बनाने में डेरा बाबा रोटी राम प्रबंधक कमेटी के प्रधान प्रकाश सिंह, कुलदीप सिंह, रामा, तरलोचन, जगजीत सिंह, चरणजीत, चतर सिंह, मखन सिंह सहित अन्य सेवादारों का विशेष योगदान रहा।