मोहाली, 28 सितम्बर:- श्री रामलीला एवं दशहरा कमेटी फेज़-1, मोहाली द्वारा बीती रात प्रस्तुत किया गया भरत मिलाप का भावुक मंचन दर्शकों के लिए अविस्मरणीय क्षण साबित हुआ। दशहरा मैदान में उमड़ी भारी भीड़ इस अद्भुत दृश्य को देखकर भावविभोर हो उठी। वेबइंफो के मालिक श्री अशोक कुमार और उनकी धर्मपत्नी मुख्य अथिति  थे।  
राम और भरत के आमने-सामने आते ही पूरा वातावरण भावुक हो गया। भरत के चरणों में गिरने और राम के गले लगाने का दृश्य इतना जीवंत था कि पंडाल में मौजूद कई दर्शकों की आँखें नम हो गईं।
सभा में गूंजते “जय श्रीराम” और “भरत लला की जय” के उद्घोष ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। दर्शकों ने खड़े होकर भाइयों के मिलन का स्वागत किया।
मंचन का सबसे मार्मिक क्षण वह था जब भरत ने प्रभु श्रीराम से अयोध्या लौटने का आग्रह किया, किन्तु राम ने पिता के वचन का पालन करने की बात कही। इसके बाद भरत ने राम की खड़ाऊं को अयोध्या के सिंहासन पर स्थापित करने का निर्णय लिया। इस त्याग और भक्ति के दृश्य ने हर किसी का हृदय स्पर्श कर लिया।
दर्शकों ने तालियों और जयघोष से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कमेटी अध्यक्ष आशु सूद ने बताया कि आने वाले दिनों में लक्ष्मण मुरछा, मेघनाद वध, लंका दहन और अन्य प्रमुख प्रसंग मंचित किए जाएंगे।