पटियाला (मनप्रीत सिंह):- नगर निगम के 30 वार्डों में 28 नवंबर को होने वाले पुनः चुनावों के मद्देनजर शिरोमणि अकाली दल ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 55 से शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार बीबी परमिंदर कौर, पत्नी परमजीत सिंह, ने बैंक कॉलोनी से अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है।

इस दौरान शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता हरमीत सिंह बडूंगर, यूथ अकाली दल के शहरी प्रधान करण गिल, दीपक कुमार वाल्मीकि, सांझा समाज हितकारी मंच के प्रधान राजविंदर सिंह राहिल सहित अन्य नेताओं ने उम्मीदवार परमिंदर कौर के साथ वार्ड नंबर 55 के विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर मतदाताओं से अकाली दल के पक्ष में मतदान करने की जोरदार अपील की।

इस अवसर पर नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में जहां कई सड़कें विकास कार्यों की बाट जोह रही हैं, वहीं वार्ड नंबर 55 की स्ट्रीट लाइटें रात के समय बंद रहती हैं और सड़कों पर घना अंधेरा छाया रहता है। उन्होंने कहा कि कई कॉलोनियों में लंबे समय से घरों में गंदा और दूषित पानी सप्लाई हो रहा है।

नेताओं ने कहा कि लोग अपनी समस्याओं को लेकर कई बार आवाज उठा चुके हैं और अब थक-हार चुके हैं, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के शासनकाल में सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए विकासोन्मुखी नीतियां निष्पक्षता से लागू की गई थीं, जबकि आम आदमी पार्टी सरकार के तहत विकास केवल विज्ञापनों तक सीमित होकर रह गया है।

इस मौके पर सिमरन सिद्धू, अंजू, मनदीप कौर, रोहित गिल, गुरप्रीत कौर, दक्ष सहोता, राहुल सहोता, सरबजीत चोपड़ा सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।