चंडीगढ़ (हरमिंदर नागपाल):- चंडीगढ़ के प्रशासक द्वारा पुनर्वास कॉलोनियों और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनियों के निवासियों को मालिकाना हक देने की घोषणा का स्वागत करते हुए पूर्व महापौर कमलेश बनारसी दास ने कहा कि इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का पूरा श्रेय चंडीगढ़ के सांसद श्री मनीष तिवारी को जाता है। उन्होंने कहा कि सांसद के निरंतर संघर्ष को सफलता मिली है और चंडीगढ़ के निवासियों ने अपने सांसद का हृदय से धन्यवाद किया है।

उन्होंने कहा कि मनीष तिवारी ने लगातार संसद में इस मुद्दे को उठाकर चंडीगढ़ की जनता की वर्षों पुरानी मांग को केंद्र सरकार और प्रशासन तक पहुंचाया। उन्होंने हजारों परिवारों के मालिकाना हक की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी और आज उनके संघर्ष को सफलता मिली है।

कमलेश बनारसी दास ने कहा कि यह नगर निगम की घोषणा नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के प्रशासक द्वारा लिया गया फैसला है। इस फैसले के पीछे सांसद मनीष तिवारी के लगातार प्रयास और जनता के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष है। इसलिए इस उपलब्धि का श्रेय किसी और को देने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। चंडीगढ़ की जनता जानती है कि इस मुद्दे को संसद में लगातार किसने उठाया है।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के निवासी अपने सांसद श्री मनीष तिवारी का हृदय से धन्यवाद करते हैं और उनके प्रयासों की सराहना करते हैं।

कमलेश बनारसी दास ने प्रशासन से मांग की कि अब इस घोषणा को जल्द से जल्द धरातल पर लागू किया जाए। हाउसिंग बोर्ड के साथ-साथ एस्टेट ऑफिस भी बिना देरी किए आवश्यक आदेश जारी करे, ताकि पुनर्वास कॉलोनियों और हाउसिंग बोर्ड के मकानों में रहने वाले पात्र परिवारों को उनके घरों का कानूनी मालिकाना हक मिल सके। उन्होंने कॉलोनीवासियों की ओर से सांसद मनीष तिवारी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने यह भी मांग की कि मकानों की कीमत पहले से निर्धारित पुरानी कीमतों के आधार पर तय की जाए, न कि वर्तमान बाजार दरों के अनुसार। जिन लोगों ने मकानों की निर्धारित कीमत पूरी जमा करवा दी है और जो जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी (जीपीए) के माध्यम से मकानों में रह रहे हैं, उन्हें भी नियमों के अनुसार मालिकाना हक दिया जाए।

अंत में कमलेश बनारसी दास ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता वर्षों से अपने ही घरों के मालिकाना हक के लिए संघर्ष कर रही है। अब समय आ गया है कि इस घोषणा को जल्द लागू करके हजारों परिवारों को उनके घरों का कानूनी मालिक बनाया जाए। इस दिशा में सांसद मनीष तिवारी के प्रयास सराहनीय हैं और चंडीगढ़ की जनता उनकी आभारी है।

कमलेश बनारसी दास

पूर्व महापौर, चंडीगढ़