होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन की घोषणा का स्वागत करते हुए अकाली दल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जतिंदर सिंह लाली बाजवा ने इसे पंजाब के भविष्य, शांति, प्रगति और खुशहाली की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और बलविंदर सिंह भूंदड़ की उपस्थिति में हुई यह घोषणा पंजाब की राजनीति को एक नई दिशा देगी।

लाली बाजवा ने कहा कि यह गठबंधन केवल सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को सुरक्षित और खुशहाल बनाने के उद्देश्य से किया गया है। अकाली दल और भाजपा का रिश्ता सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि भाईचारे और आपसी विश्वास का रहा है। इस साझेदारी के दौर में पंजाब ने शांति, प्रगति और खुशहाली देखी है और आज पंजाब को फिर से उसी तरह के मजबूत नेतृत्व और स्थिर सरकार की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि आज पंजाब नशे, गैंगस्टरवाद, फिरौती, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। प्रदेश का हर वर्ग, चाहे किसान हो, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, युवा या महिलाएं, मौजूदा हालात से चिंतित है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की बहाली हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।

नशे के मुद्दे पर बोलते हुए लाली बाजवा ने कहा कि नशा आज पंजाब की सबसे बड़ी समस्या बन गया है और हर रोज हमारे युवा इसकी भेंट चढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन महीने में नशा खत्म करने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के राज में नशा घर-घर तक पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और अस्थायी कर्मचारियों से किए वादे पूरे नहीं किए। महंगाई भत्ते की किस्तें बकाया हैं और कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर संघर्ष करने को मजबूर हैं। लाली बाजवा ने कहा कि अकाली दल-भाजपा की सरकार बनने पर कर्मचारियों के अधिकारों और मान-सम्मान की बहाली को प्राथमिकता दी जाएगी।

लाली बाजवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने प्रदेश को पहले ही बर्बाद कर दिया है, जबकि कांग्रेस के पास भी पंजाब को लेकर कोई एजेंडा नहीं है। उन्होंने कांग्रेस को 1984 में दरबार साहिब पर हमला करने वाली और सिखों का कत्लेआम करने वाली सिख-विरोधी पार्टी बताते हुए कहा कि पंजाब के लोग इसे कभी भूल नहीं सकते।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी और जनहितैषी नीतियों को लेकर अकाली दल और भाजपा पंजाब की जनता के बीच जाएंगे। डबल इंजन की ताकत और पंजाब की मिट्टी से जुड़े नेतृत्व के समन्वय से प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जाएगा।