होशियारपुर:- डी.ए.वी. कॉलेज प्रबंधक कमेटी के प्रधान डॉ.अनूप कुमार तथा सचिव श्री.आर.एम.भल्ला तथा बी.एड. कॉलेज के सचिव एडवोकेट श्री.नवरोज शर्मा के मार्गदर्शन में तथा प्रिंसिपल डॉ.विधि भल्ला के नेतृत्व में चल रही संस्था डी.ए.वी. कॉलेज ऑफ एजुकेशन, होशियारपुर के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत ग्रुप’ की ओर से देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन किया गया I इस समारोह में डी.ए.वी. कॉलेज प्रबंधक कमेटी के सम्मानीय सदस्य एडवोकेट श्री.दविंदर मोहन शर्मा (कॉरेस्पोंडेंस स्कूल) ने पूर्ण सम्मान एवं शान के साथ कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया I इस रसम के अवसर पर प्रिंसिपल डॉ.विधि भल्ला तथा कॉलेज का समस्त टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ तथा बी.एड. व एम.एड. के छात्र उपस्थित थे I
प्रिंसिपल डॉ. विधि भल्ला ने मुख्य अतिथि सहित सभी उपस्थित अतिथियों का औपचारिक स्वागत करते हुए कॉलेज की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी I छात्रों द्वारा प्रदर्शित देश भक्ति से सम्बंधित गीतों, नृत्यों तथा विभिन्न प्रस्तुतियों ने दर्शकों के मन में देश भक्ति की लहरें जगा दीं I इस अवसर पर पंजाब यूनिवर्सिटी इंटर कॉलेज स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में शॉटपुट और डिसकस थ्रो में प्रथम आने पर जैसमीन कौर और 1500 मीटर दौड़ में प्रथम आने पर पवनदीप सिंह को सम्मानित किया गया I साथ ही कॉलेज में हुई ऑन द स्पॉट टीचिंग एड प्रतियोगिता में उत्तम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों और रेड रिबन क्लब द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस में भाग लेने वाले छात्रों साक्षी, काजल, अमित ठाकुर, साहिल और अनुराधा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया I
इस अवसर पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि एडवोकेट श्री.दविंदर मोहन शर्मा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभ कामनाएं देते हुए कहा कि यह महान उत्सव हमें भारत माँ की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को नमन करने का अवसर है तथा साथ ही यह भी कहा कि हमारे भावी शिक्षक अपने मूल्यों एवं शिक्षा के प्रसार के साथ छात्रों का बहुपक्षीय विकास करते हुए सम्पूर्ण समाज और देश का विकास करेंगे I
प्रधान डॉ.अनूप कुमार जी ने कहा कि यह महोत्सव भारत की उस जनता को समर्पित है जो हमेशा भारत को विकास के पथ पर अग्रसर करती रही है, साथ ही यह भी कहा कि डी.ए.वी. कॉलेज ऑफ एजुकेशन, होशियारपुर भी हमेशा समाज एवं देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाता हुआ एक मिसाल के रूप में सामने आया है I सचिव श्री.आर.एम.भल्ला बी.एड. कॉलेज के सचिव एडवोकेट श्री.नवरोज शर्मा ने भी सभी को इस गौरवशाली पर्व की बधाई दी I
प्रिंसिपल डॉ. विधि भल्ला ने इस अवसर पर कहा कि इस पर्व को बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना से मनाया जाना चाहिए तथा साथ ही उन्होंने सभी स्टाफ सदस्यों व छात्रों को अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया व कहा कि आज के दिन हर भारतीय को राष्ट्र निर्माण, देश के विकास व रक्षा का संकल्प लेना चाहिए I साथ ही उन्होंने सम्मान प्राप्त करने वाले छात्रों को बधाई दी I कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ किया गया I
डीएवी बीएड कॉलेज में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर एडवोकेट श्रीदविंदर मोहन शर्मा ने पूर्ण सम्मान एवं शान के साथ फहराया राष्ट्रीय ध्वज
