संतोषगढ़/ऊना, 6 जून (राजवीर चोपड़ा):- ऑल इंडिया आदि धर्म मिशन की ओर से आदि धर्म मंडल भारत के 100वें स्थापना दिवस समारोह को लेकर संत समाज तथा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक सभाओं को निमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को बाथड़ी के निकट खुरालगढ़ साहिब से चरण छोह गंगा अमृतकुंड खुरालगढ़ साहिब के प्रधान संत सुरिंद्र दास महाराज संतोषगढ़ स्थित ऐतिहासिक श्री गुरु रविदास मंदिर पहुंचे।
इस अवसर पर उन्होंने गुरु रविदास सभा से जुड़े सदस्यों एवं संगत को 11 और 12 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। संत सुरिंद्र दास महाराज ने बताया कि आदि धर्म मंडल भारत का 100वां स्थापना दिवस ऐतिहासिक श्री गुरु रविदास चरण छोह गंगा अमृतकुंड खुरालगढ़ साहिब में देश-विदेश की आदि धर्म संगत के सहयोग से मनाया जाएगा। यह आयोजन आदि धर्म भारत की चेयरमैन कमलेश घेड़ा तथा ऑल इंडिया आदि धर्म मिशन के नेतृत्व में संपन्न होगा।
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन में हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की संगत भाग लेगी। कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए गुरु रविदास सभाओं, आंबेडकर नामलेवा संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं को निमंत्रण पत्र दिए जा रहे हैं।
संत सुरिंद्र दास महाराज ने बताया कि समारोह के दौरान ऑल इंडिया आदि धर्म मंडल भारत के संस्थापक बाबू मंगू राम मुंगोवालिया तथा ऑल इंडिया आदि धर्म मिशन के संस्थापक बंता राम घेड़ा के समाज सुधार एवं जागरूकता के क्षेत्र में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को भी श्रद्धापूर्वक याद किया जाएगा।
इस अवसर पर गुरु रविदास मंदिर संतोषगढ़ से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों में कश्मीरी लाल सिंघा, बलराम महे, हरजिंदर सिंह, रामजी, विशेष्वर, सुरिंद्र सिंह, रामपाल, नरेश कुमार सिंघा सहित अन्य सेवादार उपस्थित रहे।