करनाल, 12 मार्च- करनाल के इंद्री रोड स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में उस समय खास उत्साह का माहौल बन गया, जब अंबाला से दूल्हा अपनी बारात हेलीकॉप्टर से लेकर पहुंचा। हेलीकॉप्टर के मैरिज गार्डन में उतरते ही वहां मौजूद लोगों में उत्सुकता बढ़ गई और इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा।
अंबाला के गांव पंजोखड़ा निवासी गुरसेवक पेशे से एडवोकेट हैं, जबकि उनके पिता सर्वजीत सिंह शंकर प्रॉपर्टी डीलर हैं। गुरसेवक का विवाह करनाल की इंदिरा कॉलोनी निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट मिनाक्षी के साथ तय हुआ था। परिवार ने शादी को खास बनाने के लिए दूल्हे की बारात हेलीकॉप्टर से लाने की योजना बनाई।
बताया गया कि हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने में करीब छह लाख रुपये खर्च किए गए। दूल्हे गुरसेवक ने बताया कि उनके पिता सर्वजीत सिंह शंकर का लंबे समय से सपना था कि उनका बेटा हेलीकॉप्टर से बारात लेकर जाए। परिवार ने मिलकर इस सपने को साकार किया। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में उनके साथ उनकी बहन, जीजा और भांजी भी आए, जबकि अन्य बाराती गाड़ियों से करनाल पहुंचे।
हेलीकॉप्टर से उतरते ही दूल्हे का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। दुल्हन की बहनों ने आगे बढ़कर दूल्हे का मुंह मीठा कराया और रस्में निभाईं। साली रेणु और सोनिया ने बताया कि उनके जीजा हेलीकॉप्टर से बारात लेकर आए हैं, जिससे शादी में अलग ही उत्साह और खुशी का माहौल बन गया। उन्होंने कहा कि विदाई के बाद उनकी बहन मिनाक्षी भी हेलीकॉप्टर से ही अपनी ससुराल जाएगी, जिससे परिवार में खास खुशी का माहौल है।
आसमान से आई बारात हेलीकॉप्टर से उतरा दूल्हा पिता का सपना पूरा करने के लिए दूल्हा गुरसेवक हेलीकॉप्टर से करनाल पहुंचा
