हरोली/ऊना, 8 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में रविवार के दिन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में कीर्तन दीवान सजाए गए। इस अवसर पर दूर-दराज से बड़ी संख्या में संगत ने पहुंचकर मत्था टेका और गुरबाणी कीर्तन का आनंद लिया।
इस मौके पर बूटामंडी स्थित डेरा 108 स्वामी लाल जी दास के गद्दी नशीन स्वामी रजिंदर प्रसाद जी की अगुवाई में जालंधर की बूटामंडी से करीब 10 बसों में संगत खुरालगढ़ साहिब पहुंची। स्वामी रजिंदर प्रसाद जी ने संगत को सत्संग से जुड़ने का संदेश दिया तथा गुरु घर में चल रही कार सेवाओं में बढ़-चढ़कर योगदान देने की प्रेरणा दी।
इसके अलावा श्री भाग मल्ल जी और श्री चमन लाल जी की अगुवाई में फगवाड़ा से चार बसों में संगत पहुंची। वहीं समाज मिलवर्तन सोसायटी जगराओं की ओर से भी प्रधान रछपाल सिंह और सरदार महिंगा सिंह की अगुवाई में चार बसों में संगत ने पहुंचकर कीर्तन दीवान में हाजिरी भरी।
इस दौरान बाबा नरेश सिंह जी ने संगत को गुरु घर की कार सेवाओं में सहयोग करने की अपील की और सरबत के भले के लिए अरदास की। वहीं बाबा सुखदेव सिंह जी ने दूर-दराज से पहुंची संगत को गुरु घर की बख्शिश स्वरूप सिरोपाओ और सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर बाबा केवल सिंह जी, बाबा नरेश सिंह जी, बाबा सुखदेव सिंह जी, सरपंच रोशन लाल जी, बिंदर सिंह जी, सतपाल सिंह जी और गुरमुख सिंह जी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे।