संतोषगढ़/ऊना, 27 फरवरी:- इलाका बचाओ संघर्ष समिति की ओर से हिमाचल प्रदेश में एंट्री टोल टैक्स में की गई अत्यधिक वृद्धि के विरोध में शुक्रवार को मैहतपुर स्थित अनमोल कालिया प्रवेश द्वार पर पंजाब और हिमाचल के लोगों ने भूख हड़ताल कर जोरदार रोष प्रदर्शन किया।
इलाका बचाओ मोर्चा के संयोजक एडवोकेट परमजीत सिंह पम्मा, एडवोकेट निशांत गुप्ता, रमन शर्मा, एडवोकेट कुलदीप चंद, दविंद्र गांधी एवं राम कुमार शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से लगती सीमाओं पर विभिन्न स्थानों पर एंट्री टोल टैक्स बैरियर स्थापित किए गए हैं, जहां गैर-हिमाचली नंबर की गाड़ियों से प्रदेश में प्रवेश के लिए शुल्क वसूला जाता है। उन्होंने इसे सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों का अप्रत्यक्ष आर्थिक शोषण करार दिया।
उन्होंने कहा कि पंजाब से सटे क्षेत्रों के अनेक पारिवारिक संबंध हिमाचल प्रदेश में हैं, लेकिन अपने रिश्तेदारों से मिलने जाने के लिए भी लोगों को टोल टैक्स अदा करना पड़ता है। पिछले कुछ वर्षों में टोल टैक्स की दरों में भारी वृद्धि से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
नेताओं ने कहा कि इसका असर प्रदेश के व्यापार पर भी पड़ रहा है, क्योंकि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोग टोल टैक्स के कारण हिमाचल में खरीदारी करने से परहेज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जहां केंद्र सरकार द्वारा नेशनल हाईवे पर आवागमन के लिए 3000 रुपये का पास जारी किया गया है, जिससे लगभग 200 टोल प्लाजा पार किए जा सकते हैं, वहीं हिमाचल सरकार एक वर्ष के लिए 7000 रुपये का पास जारी कर रही है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हिमाचल आने वाले पर्यटकों से विभिन्न प्रकार के कर वसूले जाते हैं, जिससे लोग असहज महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर अदा करने के बावजूद भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं।
इस अवसर पर व्यापार मंडल मैहतपुर के अध्यक्ष सुभाष एरी, पार्षद दीपक नंदा, ट्रांसपोर्टर नेता विनय शर्मा, सनातन धर्म नेता रमन शर्मा, वाल्मीकि सभा के प्रतिनिधि राकेश चौधरी, आम आदमी पार्टी नेता निशांत गुप्ता, कॉमरेड विक्रम, जोगिंदर राणा, तरसेम सहोता, चरण शोभा गंगा खुरालगढ़ साहिब के अध्यक्ष बाबा सुरिंदर जी तथा एडवोकेट दीपक चंदेल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि हिमाचल सरकार ने शीघ्र ही इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मैहतपुर में एंट्री टोल टैक्स वृद्धि के खिलाफ भूख हड़ताल लोगों ने जताया जोरदार विरोध
