टाहलीवाल/हरोली,11 फरवरी (नारायण प्रभाकर):- श्री टाहलेश्वर महादेव मंदिर, टाहलीवाल से एक भव्य एवं श्रद्धामय शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। भक्तिमय संकीर्तन और भजनों की गूंज के साथ यह शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रस्थान करेगी और बाजार से होते हुए जटपुरा गाँव की ओर अग्रसर होगी।
जटपुरा में शिव भक्त राशपाल सिंह राणा के परिवार की ओर से संगत के लिए प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु प्रभु भक्ति में लीन होकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके पश्चात शोभायात्रा नागा मंदिर, नंगल कलां पहुंचेगी, जहाँ नागा मंदिर कमेटी द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
आगे बढ़ते हुए यात्रा इंडस्ट्री एरिया टाहलीवाल स्थित हिम्पा फैक्ट्री के पास पहुंचेगी, जहाँ समस्त इंडस्ट्रीज की ओर से संगत के लिए भव्य भोजन प्रसाद का आयोजन किया गया है।
भोजन उपरांत शोभायात्रा पुनः बाजार से होते हुए श्री टाहलेश्वर महादेव मंदिर लौटेगी। मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ की भव्य आरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस अवसर पर श्रद्धालु शिव महिमा का गुणगान करेंगे और दिव्य वातावरण में आरती में भाग लेंगे।
आयोजकों ने समस्त शिव भक्तों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करें।
विशाल शोभायात्रा कल श्री टाहलेश्वर महादेव मंदिर से निकलेगी शोभायात्रा।
