टाहलीवाल/हरोली, 12 फरवरी (नारायण प्रभाकर):- श्री टाहलेश्वर महादेव मंदिर से वीरवार को निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में आयोजित इस शोभायात्रा का विशेष आकर्षण हरोली ब्लॉक औद्योगिक एसोसिएशन द्वारा लगाया गया विशाल भंडारा रहा।
शोभायात्रा की शुरुआत मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालु संकीर्तन और भजनों की मधुर ध्वनि के बीच “बम-बम भोले” के जयकारे लगाते हुए औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से आगे बढ़े। पूरा टाहलीवाल और इंडस्ट्री एरिया शिवमय वातावरण में रंग गया।
जब शोभायात्रा इंडस्ट्री एरिया टाहलीवाल स्थित हिम्पा फैक्ट्री के समीप पहुंची, तब हरोली ब्लॉक औद्योगिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। इसके उपरांत एसोसिएशन की ओर से आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और सेवा भावना की सराहना की।
औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल और महासचिव रोहित वर्मा ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सहयोग करना उद्योग जगत की सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता, भाईचारे और समरसता की भावना को मजबूत करते हैं। भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों में सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया गया।
भंडारे के सफल आयोजन ने क्षेत्र में सेवा और सहयोग की मिसाल पेश की। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने हरोली ब्लॉक औद्योगिक एसोसिएशन के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उद्योग और समाज के सामूहिक प्रयास ही सामाजिक समरसता को नई दिशा देते हैं।
टाहलीवाल में श्री टाहलेश्वर महादेव मंदिर की भव्य शोभायात्रा औद्योगिक एसोसिएशन के विशाल भंडारे ने बढ़ाया आकर्षण
