हरियाणा/हिसार:- वार्ड नंबर 17 स्थित मोती लोहार वाली गली में प्राचीन शिवपुरी शिवालय मंदिर परिसर में मंगलवार रात्रि श्री श्याम होली महोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसके बाद देर रात तक श्रद्धालु श्याम भजनों में भाव-विभोर होकर झूमते रहे।
भजन गायक सोनू बंसल (बरवाला) ने एक से बढ़कर एक मधुर भजनों की प्रस्तुति दी, वहीं श्याम लाडली पावणी खुराना (हिसार) ने भी अपनी भावपूर्ण गायकी से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने फूलों और रंगों से होली खेली तथा इत्र वर्षा का भी विशेष आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में पहुंचे हुए अतिथियों का वरिष्ठ समाजसेवी एवं जिला उपाध्यक्ष भाजपा हांसी पवन शर्मा ने स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी सजावट व आकर्षक झांकियों से सजाया गया था। देर रात तक चले इस भजन संध्या कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और सभी ने मिलकर होली के पावन पर्व को भक्ति और उल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में गणेश मंडल, प्राचीन शिवपुरी शिवालय मंदिर कमेटी तथा समस्त मोहल्ला वासियों का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
बरवाला में श्री श्याम होली महोत्सव के तहत भजन संध्या का भव्य आयोजन
