गढ़शंकर (बलवीर चोपड़ा):- हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दशहरा ट्रस्ट रामपुर बिलड़ो की ओर से दशहरा पर्व के उपलक्ष्य में रवि राज खन्ना के नेतृत्व में हनुमान जी की झंडी की रस्म अदा की गई। इस अवसर पर नंबरदार कुशल सिंह राणा ने रिबन काटकर रस्म का शुभारंभ किया। इसके बाद झंडी को पूरे गांव की परिक्रमा करवाते हुए रामपुर बिलड़ो के दशहरा मैदान में स्थापित किया गया।
दशहरा ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि 20 अक्टूबर, मंगलवार को दशहरा ट्रस्ट और ग्राम पंचायत रामपुर बिलड़ो की ओर से स्कूल के मैदान में वार्षिक दशहरा पर्व बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि दशहरा उत्सव के दौरान मंच पर मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इसके साथ ही रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।
दशहरा ट्रस्ट के प्रधान ने कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के जीवन से हमें सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि दशहरा पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भावना का संदेश देता है। इस पर्व को शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण ढंग से मनाने के लिए सभी नगर निवासियों का सहयोग आवश्यक है।
इस अवसर पर रवि राज खन्ना, विकास खन्ना, डॉ. शंभू, नरेंद्र मिस्त्री, गोपाल सांडल, शिवजी राणा, डिंपल राणा, रविंदर बिट्टू, सरपंच खेमराज, वीर चौधरी, प्रिंस राणा, आदित्य, शिवराज राणा, राहुल सांडल, भारत पंडित, हर्ष, चेतन पंडित, करण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और नगर निवासी उपस्थित थे।
नशा करके न आने और शांति बनाए रखने की अपील
दशहरा ट्रस्ट के सदस्यों ने लोगों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति नशा करके दशहरा उत्सव में शामिल न हो। साथ ही किसी भी शरारती तत्व को उत्सव का माहौल खराब करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि दशहरा पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए।
