अमृतसर:- अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार कर नशा तस्करी और अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले पांच मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से छह पिस्तौल, 4.409 किलोग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, 12.90 लाख रुपये की ड्रग मनी और एक ड्रोन बरामद किया है। यह जानकारी डीजीपी गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान राजबीर सिंह (23), गगनप्रीत सिंह उर्फ गगन (31) और सौरव सिंह उर्फ बहादुर (23), सभी निवासी अमृतसर; विशाल सिंह उर्फ टिबरू (22) और रशपाल सिंह उर्फ बब्बा (44), दोनों निवासी गांव नूरपुर, लोपोके; वीरपाल सिंह उर्फ बिल्ला (19), निवासी गांव माड़ी मेघा, तरनतारन; जगविंदर सिंह उर्फ काला (19), निवासी गांव अमी शाह, तरनतारन; सुखचैन सिंह उर्फ सुख (20), निवासी गांव खियाला; जसकरण सिंह उर्फ जस्सी (22), निवासी गांव कोलोवाल; और युवराज सिंह उर्फ जग्गू (20), निवासी गांव गोसाबाद, अमृतसर ग्रामीण के रूप में हुई है।
बरामद छह पिस्तौलों में एक ग्लॉक 9 एमएम और पांच .30 बोर की पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा, 12 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की जा रही दो कारों को भी जब्त कर लिया है।
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियारों और नशे की तस्करी में शामिल थे। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
