चंडीगढ़, 25 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी के अध्यक्ष डॉ. शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि शिक्षा बोर्ड द्वारा हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2026 (HTET) के लेवल-1, 2 और 3 का आयोजन 26 और 27 दिसंबर, 2026 को किया जा रहा है।
इच्छुक उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर और समझकर 27 नवंबर, 2026 को रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिन उम्मीदवारों ने ऑनलाइन आवेदन तो कर दिया है, लेकिन अभी तक फीस जमा नहीं करवाई है, वे आवेदन की अंतिम तिथि 27 नवंबर, 2026 से पहले फीस जमा करवाकर आवेदन प्रक्रिया तुरंत पूरी करना सुनिश्चित करें। ऑनलाइन आवेदन और परीक्षा शुल्क सफलतापूर्वक जमा करवाने के बाद उम्मीदवार पुष्टि पृष्ठ (Confirmation Page) का प्रिंट लेना सुनिश्चित करें।
श्री धूपड़ ने बताया कि HTET-2026 परीक्षा के लिए आवेदन 18 नवंबर, 2026 से ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिए गए हैं। परीक्षा से संबंधित सूचना बुलेटिन (Information Bulletin) बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है। ऑनलाइन आवेदन करने से पहले उम्मीदवार सूचना बुलेटिन में दिए गए महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर और समझकर अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 28 और 29 नवंबर, 2026 को अपने विवरणों में ऑनलाइन संशोधन कर सकते हैं। 27 नवंबर, 2026 के बाद ऑनलाइन आवेदन करने और 29 नवंबर, 2026 के बाद विवरणों में सुधार करने की अनुमति नहीं होगी। इस संबंध में किसी भी प्रकार का आवेदन या अनुरोध किसी भी माध्यम से स्वीकार नहीं किया जाएगा। उम्मीदवार नवीनतम अपडेट के लिए वेबसाइट www.bseh.org.in पर नियमित रूप से विजिट करते रहें, ताकि वे किसी भी महत्वपूर्ण और अत्यंत आवश्यक जानकारी से वंचित न रह जाएं।
