हांसी (दिनकर गावड़ी):- जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में जिला नागरिक अस्पताल ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। डीसी राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं को प्रभावी बनाने के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। अस्पताल के प्रसूति एवं स्त्री रोग, जनरल सर्जरी तथा हड्डी रोग विभाग में ऑपरेशन सेवाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। अक्टूबर 2026 से 23 नवंबर तक अस्पताल में कुल 51 बड़े और छोटे ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं।
सिविल सर्जन डॉ. राहुल बुद्धिराजा ने बताया कि जिला नागरिक अस्पताल में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ हांसी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को मिल रहा है। कुल 51 ऑपरेशनों में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में 29, जनरल सर्जरी विभाग में 17 तथा हड्डी रोग विभाग में 5 ऑपरेशन शामिल हैं। इन सुविधाओं के कारण मरीजों को अनेक प्रकार की शल्य चिकित्सा के लिए बड़े शहरों के अस्पतालों में जाने की आवश्यकता कम हो रही है और उन्हें अपने क्षेत्र में ही उपचार की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने बताया कि प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में अक्टूबर से 23 नवंबर तक 29 ऑपरेशन किए गए हैं। इनमें 24 सिजेरियन प्रसव, सिजेरियन प्रसव के साथ नसबंदी के 2 तथा नसबंदी के 3 अन्य ऑपरेशन शामिल हैं। इससे गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित संस्थागत प्रसव और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रही हैं। इसी प्रकार जनरल सर्जरी विभाग में 8 बड़े और 9 छोटे ऑपरेशन सहित कुल 17 सर्जरी की गई हैं, जबकि हड्डी रोग विभाग में 5 सफल ऑपरेशन किए गए हैं।
डॉ. राहुल बुद्धिराजा ने बताया कि अस्पताल में ऑपरेशन सेवाओं के प्रति मरीजों का रुझान भी बढ़ा है। अक्टूबर माह में 18 ऑपरेशन किए गए थे, जबकि नवंबर में 23 तारीख तक ही 33 ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं। यह अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के नियमित संचालन और चिकित्सकीय टीमों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
डीसी राहुल नरवाल ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और नागरिकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया है। इसी दिशा में जिला नागरिक अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और विशेषज्ञ सेवाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. राहुल बुद्धिराजा ने कहा कि अस्पताल का प्रयास है कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा एवं शल्य चिकित्सा सुविधाएं अपने जिले में ही उपलब्ध हों, ताकि उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों में न जाना पड़े। उन्होंने आमजन से जिला नागरिक अस्पताल में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और अन्य चिकित्सा संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
