खाई स्कूल की छात्राओं ने सफाई व्यवस्था हेतु ली शपथ

रतिया, 11 सितंबर:- कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, खाई में पर्यावरण की शुद्धता एवं सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के उद्देश्य से छात्राओं ने स्वच्छता एवं श्रमदान का संकल्प लिया। हिंदी प्रवक्ता सुनीता मोंगा के नेतृत्व में छात्राओं ने शपथ लेते हुए कहा कि वे वर्ष में कम से कम 100 घंटे श्रमदान अवश्य करेंगी तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देंगी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अवनीश गर्ग ने कहा कि पर्यावरण की शुद्धता मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। स्वच्छ वातावरण से न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच का भी विकास होता है।
साहित्यकार डॉ. नैब सिंह मंडेर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अपने मन, तन, विचारों तथा अपने चारों ओर के वातावरण की स्वच्छता को बनाए रखने के लिए जागरूक रहे। उन्होंने छात्राओं को स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस मौके पर प्रवक्ता चरणजीत सिंह, सोनू गर्ग, घनश्याम, वार्डन महेशी, शीनू रानी, सरिता, रुपिन्दर कौर, सीमा रानी, निशा रानी, प्रीत कौर एवं रविंदर सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।