आदमपुर:- आदमपुर के गांव डरोली कलां में सोमवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद जालंधर देहात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ गंगू को गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में इस्तेमाल की गई ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल भी बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार यह घटना सुबह करीब 11 बजे हुई, जब दविंदर सिंह उर्फ बाजा, निवासी डमुंडा, मनप्रीत उर्फ गंगू के घर गया था। कुछ समय बाद घर के एक कमरे के अंदर उस पर गोलियां चला दी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जिला पुलिस प्रमुख हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के समय कमरे में पांच व्यक्ति मौजूद थे। जांच के दौरान हरमन, वरुण और आकाश की पहचान भी कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल से 10 से 12 राउंड फायर किए गए, जिससे कमरे को भी काफी नुकसान पहुंचा।
एसएसपी विर्क ने बताया कि मृतक दविंदर सिंह उर्फ बाजा एक हार्डकोर अपराधी था और हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे और वह पहले एक पुलिस मुठभेड़ में भी गिरफ्तार हो चुका था।
प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी निजी रंजिश सामने आ रहा है। थाना आदमपुर में मामला दर्ज कर पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।