होशियारपुर, 06 सितंबर, 2026: आज युवाओं का राजनीति की ओर बढ़ता रुझान देश के लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत है, लेकिन उन्हें सही दिशा और राजनीतिक सोच देने की भी उतनी ही आवश्यकता है। युवाओं को राजनीति के मोहरे बनने के बजाय देश और समाज की सेवा के लिए जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता बनना चाहिए। यह विचार प्रसिद्ध उपन्यासकार एवं राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता डॉ. धर्मपाल साहिल ने लेखक संजीव तलवाड़ की पुस्तक ‘Gen-Z: देश का भविष्य बनाम सियासत के मोहरे’ के लोकार्पण समारोह के दौरान व्यक्त किए।
डॉ. धर्मपाल साहिल ने कहा कि आज युवा राजनीति को प्रसिद्धि हासिल करने का माध्यम समझकर इस क्षेत्र की ओर आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे समय में उन्हें लोकतंत्र, राजनीति और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों की समझ देना बेहद जरूरी है। डॉ. अजय बग्गा ने कहा कि युवाओं को सबसे पहले अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए समाज और देश के अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ना चाहिए।
पुस्तक के बारे में जानकारी देते हुए संजीव तलवाड़ ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के अनुभवों के आधार पर राजनीति में युवाओं की भूमिका, उनके सामने आने वाली समस्याओं तथा उच्च राजनीतिक मानदंड स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रयासों पर अपने विचार प्रस्तुत किए हैं। संस्कृति संरक्षण सोसायटी के अध्यक्ष मास्टर कुलविंदर जंडा ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि स्वार्थी नेता अपने निजी हितों के लिए युवाओं की क्षमता का सही उपयोग नहीं होने देते, इसलिए युवाओं को स्वच्छ सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
युवाओं को राजनीति के मोहरे नहीं देश के जिम्मेदार नेता बनने की जरूरत डॉ धर्मपाल साहिल
