खरड़ (दविंदर कौर):- गांव झूंगियां में लंबे समय से अधूरे पड़े कम्युनिटी सेंटर (सरकारी मैरिज पैलेस) का निर्माण कार्य फिर से शुरू करवा दिया गया है। इस अवसर पर खरड़ विधानसभा क्षेत्र के इंचार्ज परमिंदर सिंह गोल्डी ने कहा कि यह परियोजना पिछले साढ़े चार वर्षों से रुकी हुई थी और पहले केवल इसका बुनियादी ढांचा ही तैयार किया गया था।

गोल्डी ने बताया कि करीब तीन महीने पहले जब यह मामला उनके ध्यान में आया तो उन्होंने इसे दोबारा शुरू करवाने की प्रक्रिया आरंभ की। अब इस परियोजना के बाकी बचे फिनिशिंग कार्य के लिए 3.27 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है और काम युद्धस्तर पर शुरू करवा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि करीब सात एकड़ क्षेत्र में फैला यह कम्युनिटी सेंटर लगभग 6.75 करोड़ रुपये की कुल लागत से तैयार होगा। इसके पूरा होने से खरड़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को विवाह-शादियों, सामाजिक समारोहों और बैठकों के लिए सरकारी हॉल की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि आज के समय में विवाह समारोहों के लिए निजी मैरिज पैलेसों पर लोगों को काफी खर्च करना पड़ता है। ऐसे में यह सरकारी कम्युनिटी सेंटर क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा और उन्हें कम खर्च में अपने समारोह आयोजित करने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि 31 मार्च से पहले इस कम्युनिटी सेंटर का काम पूरा करके इसे जनता की सेवा में समर्पित कर दिया जाएगा।

इस अवसर पर प्रभजोत सिंह खालसा, गोविंदर सिंह चीमा और गांव झूंगियां के लखवीर सिंह चीमा ने अपने संबोधन में परमिंदर सिंह गोल्डी का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से रुके हुए इस काम को दोबारा शुरू करवाना क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है और इससे आने वाले समय में लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

इस मौके पर कार्यकारी अधिकारी (ईओ) अशोक पथरिया सहित नगर परिषद का कार्यालयीन स्टाफ, गोविंदर सिंह चीमा, प्रभजोत सिंह खालसा, परमिंदर भाटिया, राम सरूप, राजवीर राजी, जुझार सिंह, लखवीर सिंह चीमा, पंछी जी, पूर्व एमसी, मोहन सिंह, बलजीत सिंह, मीडिया इंचार्ज, प्रिंस धालीवाल, सुखविंदर सिंह सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।