होशियारपुर:- जिला नशा मुक्ति एवं पुनर्वास सोसायटी होशियारपुर की ओर से "युद्ध नशे के विरुद्ध" अभियान के अंतर्गत मिशन स्माइल 3.0 के तहत सार्वजिनक स्थलों पर हेल्प डेस्क की जिला स्तरीय औपचारिक शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का शुभारंभ डिप्टी कमिश्नर-कम- चेयरपर्सन जिला नशा मुक्ति एवं पुनर्वास सोसायटी होशियारपुर आशिका जैन ने डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. स्वाति शीमार की उपस्थिति में किया।
इस अवसर पर मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज जिला नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र होशियारपुर डॉ. जसलीन कौर, काउंसलर प्रशांत आदिया, काउंसलर संदीप कुमारी, साइकैट्रिक सोशल वर्कर सुखप्रीत कौर, जिला तकनीकी कोऑर्डिनेटर मनजिंदर कौर, जिला आई.टी. मैनेजर करमजीत सिंह तथा जिला मैनेजर सेवा केंद्र होशियारपुर गुरसेवक सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि मिशन स्माइल 3.0 के अंतर्गत शुरू किए गए ये हेल्प डेस्क नशाखोरी से पीड़ित व्यक्तियों को समय पर उपचार से जोड़ने, आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों, मानसिक स्वास्थ्य तथा उपलब्ध इलाज के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा "युद्ध नशे के विरुद्ध" अभियान के तहत गांवों में विलेज डिफेंस कमेटियां तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड डिफेंस कमेटियों का गठन किया गया है, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जा सकें। इस प्रकार के प्रयासों से पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाया जा सकेगा।
डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. स्वाति शीमार ने बताया कि मिशन स्माइल पंजाब सरकार का एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है, जिसके अंतर्गत जिला, उप-मंडल, नगर निगम, जिला एवं उप-मंडल अदालत परिसरों, बस स्टैंड, जिला अस्पताल, उप-मंडल अस्पताल, ओओएटी क्लीनिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थानों एवं सरकारी कॉलेजों में हेल्प डेस्क स्थापित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर काउंसलरों ने कहा कि यह पहल " युद्ध नशे के विरुद्ध" अभियान को मजबूती प्रदान करेगी तथा पंजाब को नशा मुक्त एवं खुशहाल बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध होगी।
युद्ध नशे के विरुद्ध मिशन स्माइल 30 के तहत सार्वजनिक स्थलों पर हेल्प डेस्क की जिला स्तरीय शुरुआत
