हरोली/ऊना, 23 अक्टूबर (राजवीर चोपड़ा):- एस.डी.डब्ल्यू.जी. राजकीय महाविद्यालय बीटन में आज निर्वाचन साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club), राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) तथा सड़क सुरक्षा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:50 बजे महाविद्यालय के कक्ष संख्या 2 में विद्यार्थियों के एकत्रित होने के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार एवं कर्तव्य, मतदाता पंजीकरण, निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, सुरक्षित वाहन चलाने तथा यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्या प्रो. रितु जसवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का विशेष महत्व है और मतदान देश के भविष्य को दिशा देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता बनने तथा समाज में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में योगदान देने का आह्वान किया। इसके पश्चात उन्होंने महाविद्यालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

निर्वाचन साक्षरता क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. बुट्टा राम तथा राष्ट्रीय सेवा योजना एवं सड़क सुरक्षा क्लब के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. शिवेंद्र श्रीवास्तव के समन्वय में आयोजित इस रैली में विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर शहीदी पार्क, बीटन तक निकाली गई। विद्यार्थियों ने बैनर एवं नारों के माध्यम से आम जनता को जागरूक किया। “हर वोट है जरूरी”, “जिम्मेदार मतदाता बनें”, “सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें” तथा “यातायात नियमों का पालन करें” जैसे नारों के माध्यम से मतदान एवं सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।

रैली के माध्यम से स्थानीय लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सड़क पर सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ। महाविद्यालय प्रशासन एवं कर्मचारियों ने इस जागरूकता अभियान में अपना सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. गुरमेल सिंह, प्रो. गुरजीत कौर, प्रो. रमेश कुमार, अधीक्षक श्री वीरेंद्र कुमार तथा श्री अशोक कुमार भी उपस्थित रहे।