हांसी:– हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने अपने कार्यालय में जिले के विभिन्न पुलिस नाकों पर तैनात इंचार्जों एवं पुलिस कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक का उद्देश्य नाकों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना, पुलिस की सतर्कता बढ़ाना तथा ड्यूटी के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करना रहा।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें तथा पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि नाके कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों की धरपकड़ तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने निर्देश दिए कि प्रत्येक नाके पर आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच की जाए। रात्रि के समय विशेष सतर्कता बरती जाए तथा प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि आमजन के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए।
बैठक में  सभी नाका इंचार्जों को आपसी समन्वय बनाए रखने, वायरलेस संचार व्यवस्था को सक्रिय रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी पुलिसकर्मी पूरी ईमानदारी, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।